Logo
EPFO New App Launch: इस साल मार्च के अंत तक नया ईपीएफओ ऐप लॉन्च होने की संभावना है। इस ऐप के आने के बाद यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी की सुविधा मिलेगी। सदस्य अपने ईपीएफ बैलेंस का 75% तक निकाल सकेंगे।

EPFO New App Launch: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जल्द ही अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ी सुविधा लेकर आने वाला। केंद्र सरकार मार्च के आखिर तक एक नया ईपीएफओ मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके जरिए कर्मचारी अपने पीएफ खाते से पैसे सीधे यूपीआई के जरिए निकाल सकेंगे। इस कदम से पीएफ निकासी की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज होने की उम्मीद है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह नया ऐप मौजूदा उमंग (Umang) ऐप से अलग होगा और सीधे सब्सक्राइबर के बैंक खाते से लिंक रहेगा। इसके साथ ही यह BHIM और अन्य यूपीआई ऐप से भी जुड़ा होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस सुविधा के जरिए ईपीएफओ खाते में जमा रकम पहले बैंक खाते में ट्रांसफर होगी और फिर यूजर यूपीआई के जरिए उसे आसानी से निकाल सकेंगे।

यूपीआई के जरिए निकलेगा पीएफ

फिलहाल पीएफ निकासी की सुविधा केवल यूएएन पोर्टल के जरिए ऑनलाइन मिलती है, लेकिन यूपीआई के माध्यम से पैसा निकालने का विकल्प अभी तक नहीं था। नए ऐप की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और उम्मीद है कि मार्च के अंत तक इसे रोल आउट कर दिया जाएगा।

बैलेंस का 75 फीसदी ही निकाल सकेंगे

नियमों के मुताबिक, सब्सक्राइबर्स अपने ईपीएफ बैलेंस का अधिकतम 75 प्रतिशत तक ही निकाल सकेंगे जबकि कम से कम 25 प्रतिशत राशि खाते में रखना अनिवार्य होगा। अगर किसी सदस्य की नौकरी चली जाती है, तो वह बाकी बची 25 प्रतिशत राशि को भी 12 महीने बाद निकाल सकता है।

देशभर में ईपीएफओ के करीब 30 करोड़ सब्सक्राइबर हैं जबकि सक्रिय योगदान देने वाले सदस्यों की संख्या लगभग 7.5 करोड़ है। ईपीएफओ का कुल कॉर्पस करीब 26 लाख करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

सरकार और ईपीएफओ का मानना है कि नया ऐप डिजिटल सेवाओं को और मजबूत करेगा और कर्मचारियों को अपने फंड तक तुरंत और आसान पहुंच देगा। इससे खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें इमरजेंसी में तुरंत पैसे की जरूरत होती है।

(प्रियंका कुमारी)

5379487