Summer Tips: गर्मियों में कार के इंजन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए ड्राइवर को समय-समय पर कूलिंग सिस्टम की जांच करनी चाहिए। तेज गर्मी बैटरी के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है।

Summer Tips: भारत में गर्मियों के दौरान तापमान कई शहरों में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इतनी तेज गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि कार के कई महत्वपूर्ण हिस्सों पर भी पड़ता है। ज्यादा तापमान के कारण इंजन, टायर, बैटरी, पेंट और इंटीरियर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। अगर समय पर इनकी देखभाल न की जाए तो कार में अचानक खराबी या तकनीकी समस्या भी आ सकती है। इसलिए गर्मियों में कार की सही देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है।

इंजन को ओवरहीटिंग से बचाएं 
गर्मियों में कार के इंजन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए ड्राइवर को समय-समय पर कूलिंग सिस्टम की जांच करनी चाहिए। इंजन को सुरक्षित रखने के लिए कूलेंट लेवल चेक करें और रेडिएटर व होज पाइप की स्थिति भी देखें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कूलिंग फैन सही तरीके से काम कर रहा हो। एक्सपर्ट्स के अनुसार कूलिंग सिस्टम में आमतौर पर कूलेंट और पानी का 50:50 मिश्रण रखना बेहतर माना जाता है।

इंजन ऑयल और फ्लूइड्स की जांच
तेज गर्मी में इंजन ऑयल की गुणवत्ता जल्दी खराब हो सकती है। इसलिए समय-समय पर डिपस्टिक से इंजन ऑयल का स्तर जांचना जरूरी है। इसके अलावा ब्रेक फ्लूइड, ट्रांसमिशन फ्लूइड और पावर स्टीयरिंग फ्लूइड की जांच भी करनी चाहिए, क्योंकि ये सभी गाड़ी की स्मूथ और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए अहम होते हैं।

टायर प्रेशर पर रखें खास नजर
उच्च तापमान के कारण टायर के अंदर की हवा फैल जाती है, जिससे टायर प्रेशर बढ़ सकता है। इससे टायर जल्दी घिस सकते हैं और लंबी दूरी में टायर फटने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए महीने में कम से कम एक बार टायर प्रेशर जरूर जांचें और कार की मैन्युअल के अनुसार ही हवा रखें।

बैटरी की सेहत भी है जरूरी
तेज गर्मी बैटरी के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है। ज्यादा तापमान से बैटरी का तरल जल्दी सूख सकता है और इसकी लाइफ कम हो सकती है। इसलिए बैटरी टर्मिनल को साफ रखें, जंग की जांच करें और अगर बैटरी तीन साल से ज्यादा पुरानी हो तो उसे टेस्ट जरूर करवाएं।

पेंट और इंटीरियर की सेफ्टी
तेज धूप कार के पेंट और इंटीरियर को भी नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए कार को छांव में पार्क करें, सनशेड का इस्तेमाल करें और समय-समय पर कार वॉश और वैक्सिंग कराएं। इससे कार का पेंट लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और इंटीरियर भी बेहतर स्थिति में बना रहता है।

(मंजू कुमारी)