Skoda SUV: नई स्कोडा साल्विया फेसलिफ्ट में बड़े मैकेनिकल बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में कुछ कॉस्मेटिक अपडेट देखने को मिल सकते हैं।

Skoda SUV: भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी स्कोडा ऑटो इंडिया (Skoda Auto India) अपनी मिड-साइज सेडान Skoda Slavia के फेसलिफ्ट वर्जन को लॉन्च करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ने इस अपडेटेड मॉडल की टेस्टिंग शुरू कर दी है और इसे हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा भी गया है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Skoda Slavia Facelift: क्या होंगे बदलाव?
रिपोर्ट्स की मानें तो Slavia Facelift में बड़े मैकेनिकल बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में कुछ कॉस्मेटिक अपडेट देखने को मिल सकते हैं। नई ग्रिल डिजाइन, अपडेटेड फ्रंट बंपर, रिफ्रेश्ड LED हेडलाइट्स और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा रियर बंपर और टेल लाइट्स में भी हल्के बदलाव संभव हैं, जिससे कार को ज्यादा फ्रेश और प्रीमियम लुक मिल सके।

केबिन की बात करें तो इंटीरियर लेआउट में बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि फीचर लिस्ट में कुछ नए अपडेट या सॉफ्टवेयर अपग्रेड शामिल किए जा सकते हैं।

इंजन और परफॉर्मेंस
इंजन विकल्पों में बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है। Skoda Slavia मौजूदा समय में 1.0 लीटर TSI और 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ आती है। 1.0 लीटर इंजन 115 पीएस की पावर और 178 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जाता है। वहीं 1.5 लीटर इंजन 150 पीएस पावर और 250 एनएम टॉर्क देता है और इसके साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स मिलता है।

लॉन्च टाइमलाइन और मुकाबला
स्कोडा ऑटो इंडिया ने अभी लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि Skoda Slavia Facelift को साल 2026 की दूसरी तिमाही में भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Volkswagen Virtus, Hyundai Verna और Honda City जैसी मिड-साइज सेडान कारों से होगा।

(मंजू कुमारी)