JSW MG Motor: जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की ओर से 5-5-5 प्रोग्राम के तहत वारंटी एक्सटेंशन या सर्विस पैकेज एक साथ स्टैंडर्ड ऑफर के रूप में दी जा रही हैं।

JSW MG Motor: जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने भारत की पहली डी+ सेगमेंट एसयूवी MG Majestor के लिए एक खास ‘5-5-5 ओनरशिप प्रोग्राम’ लॉन्च किया है। इस प्रोग्राम के तहत ग्राहकों को 5 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी, 5 साल की फ्री रोडसाइड असिस्टेंस और 5 लेबर-फ्री सर्विसेज का लाभ मिलेगा। कंपनी का कहना है कि यह पहल ग्राहकों को लंबी अवधि तक भरोसेमंद ओनरशिप अनुभव देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

कंपनी के मुताबिक, डी+ सेगमेंट की इस फुल-साइज एसयूवी में जहां परफॉर्मेंस, साइज और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी पर खास ध्यान दिया गया है, वहीं 5-5-5 प्रोग्राम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ग्राहकों को रनिंग कॉस्ट और सर्विस से जुड़े खर्चों का पहले से बेहतर अनुमान मिल सके। यह पैकेज देशभर में ग्राहकों को मजबूत सपोर्ट और बेहतर ओनरशिप अनुभव प्रदान करेगा।

आमतौर पर वारंटी एक्सटेंशन या सर्विस पैकेज अलग से दिए जाते हैं, लेकिन 5-5-5 प्रोग्राम के तहत यह सभी सुविधाएं एक साथ स्टैंडर्ड ऑफर के रूप में दी जा रही हैं। इसका मतलब है कि ग्राहकों को पांच साल तक वारंटी पर कोई किलोमीटर सीमा नहीं होगी, साथ ही पूरे देश में पांच साल तक फ्री रोडसाइड असिस्टेंस भी मिलेगा। इसके अलावा शुरुआती पांच सर्विसेज में लेबर चार्ज नहीं देना होगा, जिससे ओनरशिप की शुरुआती लागत कम हो जाएगी।

इस मुद्दे पर जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर विनय रैना ने कहा कि MG Majestor को एक मजबूत, प्रीमियम और भरोसेमंद एसयूवी के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य सिर्फ एक बेहतर प्रोडक्ट देना नहीं, बल्कि ग्राहकों को लंबे समय तक बिना चिंता के ओनरशिप अनुभव देना भी है। 5-5-5 प्रोग्राम उसी सोच का हिस्सा है, जो ग्राहकों को पहले दिन से ही भरोसे और सुविधा का अनुभव कराता है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो MG Majestor में 2.0 लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 215.5 PS की पावर और 478.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया गया है और इसमें 2WD और एडवांस्ड 4WD दोनों विकल्प मिलेंगे।

ऑफ-रोडिंग के लिए इसमें ट्रिपल डिफरेंशियल लॉक (फ्रंट, रियर और सेंटर), 10 ऑफ-रोड मोड्स के साथ एडवांस्ड 4WD सिस्टम और क्रॉल कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा 219 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस और 810 मिमी की वॉटर वेडिंग क्षमता इसे कठिन रास्तों के लिए भी सक्षम बनाती है। सेफ्टी के लिए इसमें लेवल-2 ADAS टेक्नोलॉजी भी दी गई है।

कंपनी ने बताया कि MG Majestor के लिए प्री-रिजर्वेशन 41,000 रुपये में शुरू हो चुके हैं। शोरूम में इसका डिस्प्ले और टेस्ट ड्राइव अप्रैल 2026 से शुरू होंगे, जबकि डिलीवरी मई 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। पहले 3000 ग्राहकों को इस खास 5-5-5 ओनरशिप प्रोग्राम का लाभ मिलेगा।

(मंजू कुमारी)