Jeep SUV: जीप इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम एसयूवी Jeep Meridian का लिमिटेड-रन ‘Track Edition’ लॉन्च कर दिया है। यह नया एडिशन Meridian के Overland वेरिएंट पर आधारित है और इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलावों के साथ एक महत्वपूर्ण फंक्शनल अपडेट जोड़ा गया है। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 36 लाख रुपये रखी है, जबकि 4x4 वेरिएंट की कीमत लगभग 38 लाख रुपये है। दोनों वेरिएंट्स के साथ 9,200 रुपये का AXS पैक अनिवार्य रूप से दिया जा रहा है।
Track Edition की सबसे बड़ी खासियत 140 मिमी स्लाइडिंग सेकंड-रो सीट्स हैं। इस फीचर की मदद से दूसरी पंक्ति की सीटों को आगे-पीछे किया जा सकता है, जिससे जरूरत के अनुसार केबिन स्पेस को एडजस्ट करना आसान हो जाता है। इससे थर्ड-रो में बैठने वाले यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट ज्यादा सुविधाजनक हो जाती है। साथ ही लेगरूम मैनेजमेंट बेहतर होता है और लंबी यात्राओं में आराम बढ़ता है। कंपनी का कहना है कि यह अपडेट ग्राहकों से मिले फीडबैक के आधार पर शामिल किया गया है।
एक्सटीरियर की बात करें तो इस एडिशन को अलग पहचान देने के लिए पियानो ब्लैक ग्रिल, डार्क एस्प्रेसो ग्रिल पर न्यूट्रल ग्रे एक्सेंट और Track Edition बैजिंग दी गई है। इसके अलावा 18-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स और हुड डेकल इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग लुक देते हैं। हालांकि ये बदलाव मुख्य रूप से स्टाइलिंग तक सीमित हैं।
इंटीरियर में डुअल-टोन टूपेलो अपहोल्स्ट्री, सुएड इंसर्ट्स और क्विल्टेड डिटेलिंग दी गई है। डार्क एस्प्रेसो हाइलाइट्स और पियानो ब्लैक ट्रिम के साथ केबिन को प्रीमियम फील दिया गया है। फीचर्स की सूची में 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और लेवल 2 ADAS शामिल हैं।
इस एसयूवी में 2.0-लीटर मल्टीजेट II डीजल इंजन दिया गया है, जो 170 हॉर्सपावर और 350 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 9-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। ग्राहकों के लिए 2WD और 4WD दोनों विकल्प उपलब्ध हैं। Jeep Meridian Track Edition की बुकिंग देशभर में शुरू हो चुकी है।
(मंजू कुमारी)
