Electric Car: लग्जरी कार निर्माता जगुआर (Jaguar) ने ऐलान किया है कि वह सितंबर 2026 में अपनी पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक फोर-डोर GT (ग्रैंड टूरर) पेश करेगी। यह मॉडल सिर्फ एक नई कार नहीं, बल्कि कंपनी के पूरी तरह इलेक्ट्रिक ब्रांड बनने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस नई इलेक्ट्रिक GT को तैयार करते समय कंपनी ने अपनी 90 साल पुरानी विरासत को भी ध्यान में रखा है।
इसके डिजाइन और ड्राइविंग अनुभव में Jaguar E-Type और Jaguar XK120 जैसी आइकॉनिक कारों से प्रेरणा ली गई है। XK120 से जहां राइड क्वालिटी और ड्राइवर-फोकस्ड अप्रोच को समझा गया, वहीं E-Type ने इसकी परफॉर्मेंस और रोड प्रेजेंस को आकार देने में अहम भूमिका निभाई।
दमदार परफॉर्मेंस
नई Jaguar Electric GT में ट्राई-मोटर सेटअप मिलेगा, जो करीब 986 bhp (लगभग 1,000 PS) की पावर और 1,300 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। इतनी ताकत इसे सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस देने में सक्षम बनाती है, जिससे यह कार तेज रफ्तार के शौकीनों के लिए खास बन जाती है।
एडवांस टेक्नोलॉजी
कार में एडवांस टॉर्क वेक्टरिंग सिस्टम दिया जाएगा, जिसका सॉफ्टवेयर महज एक मिलीसेकंड में प्रतिक्रिया करता है। यह सिस्टम मोड़ या फिसलन भरी सड़कों पर खुद ही पावर को पहियों के बीच संतुलित करता है, जिससे बेहतर ग्रिप और स्टेबिलिटी मिलती है। इसके अलावा, डायनेमिक एयर सस्पेंशन और ट्विन-वॉल्व एक्टिव डैम्पर्स जैसे फीचर्स सफर को बेहद आरामदायक बनाएंगे।
मॉडर्न और क्लासिक डिजाइन का मेल
इस इलेक्ट्रिक GT में लंबा बोनट और लो-रूफलाइन के साथ जगुआर का सिग्नेचर डिजाइन देखने को मिलेगा। कंपनी का लक्ष्य एक ऐसी कार बनाना है जो क्लासिक लग्जरी और मॉडर्न इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी का बेहतरीन मिश्रण हो।
भविष्य की झलक
यह फोर-डोर GT आने वाले समय में जगुआर की नई पीढ़ी की कारों के लिए बेस तैयार करेगी। इसी प्लेटफॉर्म पर कंपनी अपने भविष्य के डिजाइन, सॉफ्टवेयर और परफॉर्मेंस की दिशा तय करेगी। Jaguar अब पेट्रोल इंजन से आगे बढ़कर पूरी तरह इलेक्ट्रिक और हाईटेक मोबिलिटी की ओर कदम बढ़ा चुकी है।
(मंजू कुमारी)










