Partnership: भारत में तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेगमेंट के बीच हुंडई मोटर और टीवीएस मोटर ने इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहनों पर काम करने का फैसला लिया है।

Partnership: भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों हुंडई मोटर कंपनी और टीवीएस मोटर कंपनी के बीच हाल ही में एक अहम साझेदारी हुई है। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां मिलकर भारत में इलेक्ट्रिक तीन-पहिया (E3W) वाहनों का विकास और व्यवसायिकरण करेंगी। यह कदम देश में तेजी से बढ़ रहे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर को नई दिशा दे सकता है।

साझेदारी से मिलेगा बड़ा फायदा
इस साझेदारी का सबसे बड़ा लाभ लास्ट-माइल मोबिलिटी सेक्टर को मिलने की उम्मीद है। शहरों और ग्रामीण इलाकों में बढ़ती ट्रांसपोर्ट जरूरतों को देखते हुए इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है, और यह सहयोग इस मांग को पूरा करने में मदद करेगा।

पहले भी पेश हो चुका है कॉन्सेप्ट
गौरतलब है कि दोनों कंपनियों ने इससे पहले Bharat Mobility Global Expo 2025 के दौरान जनवरी 2025 में इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहन का कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया था। अब लगभग एक साल बाद इस साझेदारी को औपचारिक रूप दिया गया है।

जिम्मेदारियों का बंटवारा
इस समझौते के तहत टीवीएस मोटर कंपनी उत्पादन और बिक्री की जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं हुंडई मोटर कंपनी डिजाइन, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट पर काम करेगी। दोनों कंपनियों की यह संयुक्त विशेषज्ञता बेहतर प्रोडक्ट तैयार करने में मदद करेगी।

क्या है कंपनियों का लक्ष्य
इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य भारत के इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहन बाजार में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाना है। यह सेगमेंट कम समय में तेजी से विकसित हुआ है और आने वाले वर्षों में इसमें और विस्तार की संभावना है।

तेजी से बढ़ रहा है बाजार
आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष में भारत में इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहनों की बिक्री 8.30 लाख यूनिट्स से अधिक रही। इससे पहले यह आंकड़ा 6.98 लाख यूनिट्स था। यानी साल-दर-साल आधार पर इस सेगमेंट में करीब 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

(मंजू कुमारी)