Car Tips: अगर आपकी कार पर हल्की खरोंच (स्क्रैच) आ गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। हर बार सर्विस सेंटर जाना जरूरी नहीं होता। कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप हल्के स्क्रैच को काफी हद तक कम कर सकते हैं और हजारों रुपये बचा सकते हैं। किसी भी उपाय को आजमाने से पहले कार को अच्छी तरह धो लें। धूल या मिट्टी स्क्रैच पर रगड़ खाने से पेंट को और नुकसान पहुंचा सकती है। गाड़ी धोने के बाद साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें।
1. टूथपेस्ट से हल्के स्क्रैच कम करें
सफेद (बिना जैल वाला) टूथपेस्ट लें और मुलायम कपड़े पर लगाकर स्क्रैच पर गोल-गोल घुमाते हुए 1–2 मिनट हल्के हाथ से रगड़ें। फिर गीले कपड़े से साफ कर दें। जरूरत हो तो 2-3 बार दोहराएं। टूथपेस्ट में मौजूद हल्का अब्रेसिव पेंट की ऊपरी लेयर को स्मूथ कर देता है, जिससे स्क्रैच कम दिखाई देता है।
2. बेकिंग सोडा का पेस्ट
बेकिंग सोडा और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे स्क्रैच वाली जगह पर हल्के दबाव से लगाएं और गोल घुमाएं। बाद में साफ पानी से पोंछ दें। यह तरीका छोटे और सतही स्क्रैच पर बेहतर काम करता है।
3. नेल पॉलिश से भरें गहरे निशान
अगर स्क्रैच थोड़ा गहरा है लेकिन ज्यादा बड़ा नहीं, तो कार के रंग से मिलती-जुलती नेल पॉलिश की पतली लेयर लगाएं। सूखने दें। यह परफेक्ट फिनिश नहीं देगा, लेकिन दूर से निशान कम नजर आएगा।
4. कार वैक्स या पॉलिश
मार्केट में मिलने वाली कार वैक्स या पॉलिश हल्के स्क्रैच छुपाने में मदद करती है। इससे पेंट स्मूथ होता है और चमक भी लौट आती है।
5. नारियल तेल का इस्तेमाल
मुलायम कपड़े पर थोड़ा नारियल तेल लगाकर स्क्रैच पर हल्के हाथ से रगड़ें। इससे हल्की खरोंच अस्थायी रूप से कम नजर आती है।
कभी भी जोर से रगड़ें नहीं और स्टील वूल या खुरदुरा कपड़ा इस्तेमाल न करें। अगर नाखून स्क्रैच में फंस जाए, तो वह गहरा है और प्रोफेशनल रिपेयर की जरूरत हो सकती है।
(मंजू कुमारी)