HSRP: क्या होती है हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, जानें कैसे घर बैठे ऑनलाइन करें बुक
Number Plate: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट एल्युमिनियम से बनी होती है, जिसमें यूनिक सीरियल नंबर, होलोग्राम और लेजर-इंग्रेव्ड कोड होता है। इसमें एक कलर कोडेड स्टीकर भी लगा होता है।;

Number Plate: हाल के समय में गाड़ियों की सुरक्षा और ट्रैकिंग को बेहतर बनाने के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) को सभी वाहनों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। अगर आपकी गाड़ी पर अभी भी पुरानी नंबर प्लेट लगी हुई है, तो आपको जल्द से जल्द HSRP लगवाना चाहिए, जिसे आप आसानी से ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। आइए जानते हैं, आप ऑनलाइन HSRP कैसे बुक कर सकते हैं।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट क्या है?
यह एक एल्युमिनियम से बनी विशेष नंबर प्लेट होती है, जिसमें यूनिक सीरियल नंबर, होलोग्राम और लेजर-इंग्रेव्ड कोड होता है। इसके अलावा, इसमें एक कलर कोडेड स्टीकर भी लगा होता है, जिस पर वाहन से संबंधित अहम जानकारी जैसे ईंधन का प्रकार, पंजीकरण संख्या, रजिस्ट्रेशन डेट आदि होते हैं। यह प्लेट वाहन की चोरी होने पर उसे ट्रैक करने में मदद करती है।
ये भी पढ़ें...पहली बार कंपनी ने जारी किया वीडियो टीजर, 9 मई को पेश और 22 की कीमतों का खुलासा
किसके लिए जरूरी है HSRP?
यह नियम सभी प्रकार के वाहनों के लिए लागू किया गया है, चाहे वह दोपहिया, तिपहिया, या चार पहिया हो, और निजी या व्यावसायिक दोनों प्रकार के वाहनों के लिए यह अनिवार्य है। जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन 1 अप्रैल 2019 से पहले हुआ था, उनके लिए HSRP लगवाना आवश्यक है। नए वाहनों में यह नंबर प्लेट पहले से लगी होती है।
ये भी पढ़ें...डैशबोर्ड पर जलती वॉर्निंग लाइट्स को न करें नजरअंदाज, जेब होगी ढीली
ऑनलाइन HSRP बुकिंग का तरीका
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: HSRP बुक करने के लिए सबसे पहले आपको वाहन निर्माता कंपनी (OEM) की आधिकारिक वेबसाइट https://bookmyhsrp.com/ पर जाना होगा।
- राज्य और वाहन का प्रकार चुनें: वेबसाइट पर जाने के बाद, आपको सबसे पहले अपने राज्य का चयन करना होगा और फिर वाहन का प्रकार (टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर) चुनें।
- गाड़ी की जानकारी भरें: इसके बाद, आपको अपनी गाड़ी का RC नंबर, इंजन नंबर, और चेसिस नंबर जैसी जानकारी भरनी होगी, जो आपके रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) पर उपलब्ध होती है।
- फिटमेंट लोकेशन और स्लॉट चुनें: आपको यह चयन करना होगा कि आप HSRP की फिटमेंट कहां पर कराना चाहते हैं, साथ ही तारीख और समय स्लॉट का चुनाव करें।
- पेमेंट करें: इसके बाद, ऑनलाइन पेमेंट करें। आमतौर पर दोपहिया वाहनों के लिए शुल्क ₹300 से ₹400 तक और चार पहिया वाहनों के लिए ₹500 से ₹600 तक होता है।
- बुकिंग रिसिप्ट प्राप्त करें: भुगतान करने के बाद आपको बुकिंग की रिसिप्ट मिलेगी, जिसे आप प्रिंट या PDF के रूप में सेव कर लें। जब आप HSRP लगवाने जाएं, तो आपको यह रिसिप्ट दिखानी होगी।
(मंजू कुमारी)