Honda Bikes: होंडा ने अपनी नई CBR400R E-Clutch कॉन्सेप्ट बाइक से पर्दा उठा दिया है। फिलहाल इसे कॉन्सेप्ट मॉडल के तौर पर पेश किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि यह जल्द ही प्रोडक्शन वर्जन में भी देखने को मिल सकती है। कंपनी अपनी एडवांस E-Clutch तकनीक को पहले ही 2024 में Honda CBR650R और Honda CB650R के साथ पेश कर चुकी है। इसके बाद Rebel 300 और CL250 जैसे मॉडलों में भी यह सिस्टम शामिल किया गया।
क्या है E-Clutch तकनीक?
- होंडा का E-Clutch सिस्टम पारंपरिक क्लच सेटअप के साथ काम करता है, लेकिन इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि राइडर को बार-बार क्लच दबाने की जरूरत न पड़े। यह सिस्टम क्लच कवर पर फिट होता है और बाइक के लुक या डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करता। केवल ध्यान से देखने पर ही अतिरिक्त हार्डवेयर नजर आता है।
- यह तकनीक डिफॉल्ट रूप से ऑटोमैटिक मोड में काम करती है। यानी बाइक स्टार्ट करते समय, रुकते समय या गियर बदलते समय क्लच दबाने की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, राइडर चाहे तो किसी भी समय क्लच लीवर दबाकर पूरी तरह मैनुअल कंट्रोल ले सकता है। जैसे ही लीवर छोड़ा जाता है, सिस्टम दोबारा ऑटो मोड में सक्रिय हो जाता है। इसके लिए अलग से कोई बटन या मोड सेलेक्ट करने की जरूरत नहीं होती।
शहर में राइडिंग होगी आसान
E-Clutch का सबसे बड़ा फायदा शहर के ट्रैफिक में मिलता है। स्टॉप-एंड-गो ट्रैफिक में लगातार क्लच दबाने से होने वाली थकान कम हो जाती है। यही वजह है कि यह सिस्टम नए और अनुभवी दोनों तरह के राइडर्स के बीच लोकप्रिय हो रहा है।
इंजन और संभावित स्पेसिफिकेशन
मौजूदा CBR400R में 399cc का पैरेलल-ट्विन, DOHC, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 46 PS की पावर और 38.25 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। संभावना है कि E-Clutch वर्जन में इंजन या परफॉर्मेंस में कोई बड़ा बदलाव न किया जाए।
कब होगी पेश?
- होंडा CBR400R E-Clutch को जापान में होने वाले Osaka Motorcycle Show, Tokyo Motorcycle Show और Nagoya Motorcycle Show में प्रदर्शित किया जाएगा। इन इवेंट्स के दौरान इसके विस्तृत स्पेसिफिकेशन और कीमत की घोषणा हो सकती है।
- यह बाइक बाजार में Kawasaki Ninja ZX-4R को टक्कर दे सकती है। भारत में इसकी लॉन्च को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन सब-500cc स्पोर्ट्स बाइक सेगमेंट में इसकी संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
(मंजू कुमारी)