Ducati Bike: डुकाटी ने अपनी नई मोटोक्रॉस मोटरसाइकिल Ducati Desmo 450 MX को स्पेशियली कठिन रास्तों और ऑफ-रोड ट्रैक के लिए डिजाइन किया है। इसमें कई आधुनिक और राइडर-फ्रेंडली फीचर्स भी जोड़े गए हैं।

Ducati Bike: भारत में प्रीमियम सुपरबाइक निर्माता डुकाटी (Ducati) ने अपनी नई ऑफ-रोड मोटरसाइकिल Ducati Desmo 450 MX को लॉन्च कर दिया है। यह बाइक खास तौर पर मोटोक्रॉस और ऑफ-रोड राइडिंग के शौकीनों के लिए पेश की गई है। कंपनी का मानना है कि भारत में ऑफ-रोड और एडवेंचर राइडिंग का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए इस सेगमेंट में यह नई बाइक राइडर्स के लिए एक दमदार विकल्प साबित हो सकती है।

Ducati Desmo 450 MX हुई लॉन्च 
डुकाटी ने भारतीय बाजार में अपनी नई मोटोक्रॉस बाइक Ducati Desmo 450 MX को लॉन्च किया है। यह बाइक खास तौर पर कठिन रास्तों और ऑफ-रोड ट्रैक के लिए डिजाइन की गई है। कंपनी ने इसे हल्का, शक्तिशाली और एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस बनाया है ताकि राइडर्स को बेहतर कंट्रोल और शानदार परफॉर्मेंस मिल सके।

मिलते हैं कई एडवांस फीचर्स
इस मोटरसाइकिल में कई आधुनिक और राइडर-फ्रेंडली फीचर्स दिए गए हैं। इसमें राइडिंग मोड, डुकाटी ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC), इंजन ब्रेक कंट्रोल (EBC), फॉल डिटेक्शन, पावर लॉन्च, क्विक शिफ्ट अप और लिथियम-आयन बैटरी जैसी तकनीक शामिल है। इसके अलावा बाइक में एडजस्टेबल हैंडलबार, सिंगल सीट और दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जो बेहतर सेफ्टी और कंट्रोल प्रदान करते हैं।

दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
नई Ducati Desmo 450 MX में 450cc का दमदार इंजन दिया गया है, जो लगभग 46.7 किलोवाट की पावर जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जो मोटोक्रॉस ट्रैक पर तेज और स्मूद परफॉर्मेंस देने में मदद करता है। यह इंजन खास तौर पर हाई-परफॉर्मेंस ऑफ-रोड राइडिंग के लिए तैयार किया गया है।

कंपनी का क्या कहना है? 
लॉन्च के मौके पर बिपुल चंद्रा ने कहा कि Desmo 450 MX का भारत में आगमन कंपनी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने बताया कि देश में मोटोक्रॉस और ऑफ-रोड राइडिंग की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है और यह बाइक डुकाटी की रेसिंग विरासत और एडवांस तकनीक का बेहतरीन उदाहरण है।

कीमत और उपलब्धता
भारत में Ducati Desmo 450 MX की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 17.23 लाख रुपये रखी गई है। यह मोटरसाइकिल फिलहाल केवल चार चुनिंदा डीलरशिप—नई दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे—पर उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और डिलीवरी मार्च 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।

(मंजू कुमारी)