Safety Tips: कार में बैठते ही सबसे पहले सीट बेल्ट लगाना आदत डालें। यह नियम सिर्फ बड़ों के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी उतना ही जरूरी है। ड्राइविंग से पहले चाइल्ड लॉक ऑन करें।

Safety Tips: भारत में बीते कुछ सालों में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हुआ है, जिससे लोग परिवार और बच्चों के साथ लंबी ड्राइव पर जाना ज्यादा पसंद करने लगे हैं। हालांकि, बच्चों के साथ सफर करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में कार में ट्रैवल करते वक्त कुछ जरूरी सेफ्टी उपाय अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है।

चाइल्ड लॉक का जरूर करें इस्तेमाल
अगर आप बच्चों के साथ कार में सफर कर रहे हैं तो चाइल्ड लॉक का इस्तेमाल जरूर करें। कई बार बच्चे खेल-खेल में चलती गाड़ी का दरवाजा खोलने की कोशिश कर देते हैं, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है। आजकल लगभग सभी मॉडर्न कारों में यह सेफ्टी फीचर आता है। चाइल्ड लॉक एक्टिव करने के बाद पीछे के दरवाजे अंदर से नहीं खुलते, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। सफर शुरू करने से पहले इसे ऑन करना न भूलें।

सीट बेल्ट है सबसे जरूरी सुरक्षा कवच
कार में बैठते ही सबसे पहले सीट बेल्ट लगाना आदत बना लें। यह नियम सिर्फ बड़ों के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी उतना ही जरूरी है। अगर बच्चा इतना बड़ा है कि वह सामान्य सीट पर बैठ सकता है, तो उसे भी सीट बेल्ट जरूर लगाएं। दुर्घटना की स्थिति में सीट बेल्ट गंभीर चोट से बचाती है। साथ ही, सीट बेल्ट न लगाने पर ट्रैफिक नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

चाइल्ड कार सीट का करें इस्तेमाल
नवजात या कम उम्र के बच्चों को सामान्य कार सीट पर बैठाना सुरक्षित नहीं होता। बाजार में 4 से 6 साल तक के बच्चों के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई चाइल्ड कार सीट उपलब्ध हैं। ये सीटें बच्चों के आकार और वजन के अनुसार बनाई जाती हैं और बेहतर सपोर्ट व सुरक्षा प्रदान करती हैं। लंबी यात्रा के दौरान यह बच्चों को आरामदायक और सुरक्षित बनाए रखने में मदद करती हैं।

(मंजू कुमारी)