Car Driving Tips: भारत में बड़ी संख्या में लोग रोजाना अपनी कार से सफर करते हैं। चाहे ऑफिस जाना हो, परिवार के साथ आउटिंग पर निकलना हो या लंबी दूरी की यात्रा करनी हो, कार हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। लेकिन अक्सर देखा गया है कि लोग सफर शुरू करने से पहले जरूरी जांच-पड़ताल नहीं करते, जिसकी वजह से बीच रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
इंजन ऑयल जरूर करें चेक
कार स्टार्ट करने से पहले इंजन ऑयल की जांच करना बेहद जरूरी है। इंजन ऑयल इंजन को स्मूद तरीके से चलाने में मदद करता है और उसके पार्ट्स को घिसने से बचाता है। ऑयल चेक करने के लिए डिपस्टिक को बाहर निकालकर उसका लेवल देखा जा सकता है। अगर ऑयल कम है या बहुत गंदा हो चुका है, तो उसे समय पर बदलवा लेना चाहिए।
टायरों की जांच है जरूरी
टायर सड़क और कार के बीच सीधा संपर्क बनाते हैं, इसलिए इनकी स्थिति बेहतर होना जरूरी है। सफर से पहले टायर प्रेशर जरूर चेक करें। कम हवा होने पर माइलेज कम हो सकता है और टायर के फटने का खतरा भी बढ़ जाता है। साथ ही, टायरों में कट या ज्यादा घिसाव तो नहीं है, यह भी देख लें।
लाइट्स की करें जांच
अक्सर लोग दिन में सफर शुरू करते हैं, लेकिन कई बार यात्रा के दौरान रात हो जाती है। ऐसे में हेडलाइट, टेललाइट और इंडिकेटर का सही से काम करना जरूरी है। अगर कोई लाइट खराब है तो उसे तुरंत ठीक करवाएं।
इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर रखें नजर
कार स्टार्ट करते समय इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर जलने वाली वार्निंग लाइट्स को नजरअंदाज न करें। यदि स्टार्ट के बाद कोई लाइट बंद नहीं होती, तो यह किसी खराबी का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत जांच करानी चाहिए।
कूलेंट, बैटरी और ब्रेक ऑयल भी करें चेक
सफर से पहले कूलेंट लेवल, बैटरी की स्थिति और ब्रेक ऑयल जरूर जांचें। इनमें किसी भी तरह की कमी या खराबी होने पर कार बीच रास्ते में बंद हो सकती है। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है।
(मंजू कुमारी)










