E-Scooter: भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है और कंपनियां किफायती विकल्प पेश कर रही हैं। हाल ही में टीवीएस मोटर कंपनी ने अपने सबसे सस्ते ई-स्कूटर के रूप में TVS Orbiter को पेश किया है। वहीं बजाज ऑटो ने Bajaj Chetak C2501 को बजट-फ्रेंडली ऑप्शन के तौर पर उतारा है। आइए जानते हैं डिजाइन, रेंज और फीचर्स के मामले में कौन सा स्कूटर बेहतर है।
डिजाइन और लुक
TVS Orbiter का डिजाइन सिंपल और प्रैक्टिकल है। इसमें फ्लैट सीट और फ्लैट फुटबोर्ड मिलता है, जो रोजमर्रा की राइडिंग के लिए आरामदायक है। LED लाइटिंग और सॉफ्ट सीट इसे डेली यूज के लिए उपयुक्त बनाती है। दूसरी ओर Bajaj Chetak C2501 क्लासिक और प्रीमियम लुक के साथ आता है। गोल LED हेडलाइट और मजबूत मेटल बॉडी इसे ज्यादा स्टाइलिश बनाती है। अगर आपको मजबूत और आकर्षक डिजाइन चाहिए, तो चेतक बेहतर विकल्प हो सकता है।
बैटरी, रेंज और स्पीड
TVS Orbiter में 3.1 kWh बैटरी दी गई है, जो करीब 158 किमी तक की रेंज देती है। वहीं Chetak C2501 में 2.5 kWh बैटरी मिलती है और इसकी रेंज लगभग 113 किमी है। टॉप स्पीड की बात करें तो Orbiter 68 किमी/घंटा तक जाता है, जबकि Chetak 60 किमी/घंटा की रफ्तार देता है। हालांकि चार्जिंग में Chetak आगे है—यह 0 से 80% तक लगभग 2 घंटे 25 मिनट में चार्ज हो जाता है, जबकि Orbiter को इतना चार्ज होने में करीब 4 घंटे लगते हैं।
कीमत और फीचर्स
Orbiter में 34 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है, जो Chetak के 25 लीटर से ज्यादा है। दोनों में LED लाइट, डिजिटल डिस्प्ले और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स मिलते हैं। Orbiter में क्रूज कंट्रोल और नेविगेशन, जबकि Chetak में रिवर्स मोड और म्यूजिक कंट्रोल दिए गए हैं। कीमत की बात करें तो TVS Orbiter 99,900 रुपये और Bajaj Chetak C2501 87,100 रुपये में उपलब्ध है। ज्यादा रेंज चाहिए तो Orbiter, और प्रीमियम लुक व तेज चार्जिंग चाहिए तो Chetak बेहतर विकल्प है।
(मंजू कुमारी)