Luxury Car: जर्मन लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ने अपनी हाई-परफॉर्मेंस लाइनअप में नई BMW M2 CS को पेश किया है। यह मॉडल कंपनी की परफॉर्मेंस रेंज में एक खास स्थान रखता है। बीएमडब्ल्यू की लैंग्वेज में CS का मतलब “Competition Sport” होता है, जो इसे स्टैंडर्ड M कार और हार्डकोर CSL मॉडल के बीच का परफेक्ट बैलेंस बनाता है। इसे सड़क पर चलने वाली रेस कार के सबसे करीब माना जाता है।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
- नई BMW M2 CS में 3.0 लीटर का ट्विन-टर्बो स्ट्रेट-सिक्स इंजन दिया गया है, जो उसी इंजन परिवार से आता है जिससे BMW M4 GT3 Evo को ताकत मिलती है। यह इंजन करीब 530 बीएचपी की पावर और लगभग 650 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। यह स्टैंडर्ड BMW M2 के मुकाबले करीब 50 बीएचपी और 50 एनएम ज्यादा ताकत देता है। इंजन लगभग 6,250rpm पर अपनी अधिकतम पावर देता है और 7,200rpm तक रेव कर सकता है।
- परफॉर्मेंस की बात करें तो यह कार 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 3.8 सेकंड में पकड़ सकती है, जबकि खास परिस्थितियों में यह समय करीब 3.5 सेकंड तक हो सकता है। वहीं 0 से 200 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल करने में इसे करीब 11.7 सेकंड लगते हैं। इसकी टॉप स्पीड लगभग 302 किमी/घंटा बताई जा रही है।
ट्रांसमिशन और कंट्रोल
M2 CS में मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प नहीं दिया गया है। इसमें बीएमडब्ल्यू का 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है, जो इसकी पूरी 530 हॉर्सपावर की ताकत को रियर व्हील्स तक पहुंचाता है। बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें रेसिंग से प्रेरित डिफरेंशियल दिया गया है। इसके अलावा ग्राहकों को M-स्पेसिफिक कार्बन-सिरेमिक ब्रेक का विकल्प भी मिल सकता है।
हल्का और स्पोर्टी डिजाइन
स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले यह कार करीब 30 किलोग्राम हल्की है। वजन कम करने के लिए इसमें कार्बन फाइबर रिइनफोर्स्ड प्लास्टिक (CFRP) का व्यापक इस्तेमाल किया गया है। कार की छत, बूट लिड, रियर डिफ्यूजर और मिरर कैप में कार्बन फाइबर का उपयोग किया गया है। कैबिन में M कार्बन बकेट सीट्स, अल्कांतारा स्टीयरिंग व्हील और CS ब्रांडिंग जैसे कई स्पोर्टी एलिमेंट दिए गए हैं, जो इसे मोटरस्पोर्ट जैसा अनुभव देते हैं।
कीमत और उपलब्धता
BMW M2 CS को सीमित संख्या में तैयार किया जाएगा, जिसके कारण कलेक्टर्स और परफॉर्मेंस कार प्रेमियों के बीच इसकी मांग काफी ज्यादा रहने की उम्मीद है। भारत में इसकी कीमत लगभग 1.50 करोड़ से 1.60 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है। फिलहाल स्टैंडर्ड BMW M2 की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है।
(मंजू कुमारी)