Audi Booking: ऑडी ने भारत में अपनी नई लग्जरी परफॉर्मेंस एसयूवी Audi SQ8 की बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। अगर आप इस दमदार एसयूवी को खरीदना चाहते हैं, तो Audi India की आधिकारिक वेबसाइट या myAudi Connect ऐप के जरिए 5 लाख रुपये की टोकन राशि जमा कर इसे बुक किया जा सकता है। कंपनी इस शानदार एसयूवी को 17 मार्च को भारतीय बाजार में लॉन्च करने जा रही है।
दमदार इंजन और जबरदस्त परफॉर्मेंस
नई Audi SQ8 में बेहद पावरफुल 4.0-लीटर V8 TFSI पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 373 kW की अधिकतम पावर और 770 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यही वजह है कि यह लग्जरी एसयूवी महज 4.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा तक सीमित रखी गई है। यह एसयूवी उन लोगों के लिए खास मानी जा रही है जो लग्जरी के साथ-साथ हाई-परफॉर्मेंस ड्राइविंग का अनुभव चाहते हैं।
कंट्रोल और ड्राइविंग एक्सपीरियंस
Audi SQ8 में कंपनी का मशहूर क्वाट्रो परमानेंट ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जिसमें सेल्फ-लॉकिंग सेंटर डिफरेंशियल मिलता है। इसके अलावा इसमें एडैप्टिव एयर सस्पेंशन स्पोर्ट और ऑल-व्हील स्टीयरिंग जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी भी शामिल है। इन फीचर्स की मदद से यह एसयूवी अलग-अलग रोड कंडीशन में भी बेहतरीन ग्रिप और कंट्रोल देती है। यही कारण है कि इसे स्पोर्ट्स कार जैसी परफॉर्मेंस और लग्जरी एसयूवी का शानदार कॉम्बिनेशन माना जा रहा है।
कंपनी को बड़ी उम्मीद
बलवीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि Audi SQ8 एक ऐसी एसयूवी है जिसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए भी डिजाइन किया गया है। इसमें लग्जरी, एडवांस टेक्नोलॉजी और स्पोर्ट्स कार जैसी ताकत का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत में Audi Q8 सीरीज को ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, इसलिए कंपनी को उम्मीद है कि नई SQ8 भी भारतीय ग्राहकों को काफी पसंद आएगी।
कंपनी ने यह भी बताया कि इस मॉडल की उपलब्धता सीमित हो सकती है, इसलिए परफॉर्मेंस एसयूवी के शौकीनों को जल्द से जल्द अपनी Audi SQ8 बुक करने की सलाह दी गई है।
(मंजू कुमारी)