Putin India Visit:: दिसंबर में भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, क्रेमलिन ने की पुष्टि
India Russia Relations: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर 2025 में भारत का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी संग ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर करेंगे चर्चा। जानें पूरी डिटेल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन (फाइल फोटो)
Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) दिसंबर 2025 में भारत आएंगे। क्रेमलिन ने शुक्रवार (29 अगस्त) को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। भारत यात्रा के दौरान पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों के बीच ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। पुतिन का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका ने भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर 50% टैरिफ लगा दिए हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने भी राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे का ऐलान किया था। हालांक उस समय डोभाल ने कोई सटीक तारीख नहीं बताई थी। लेकिन अब क्रेमलिन ने पुतिन की भारत यात्रा की आधिकारिक पुष्टि कर दी।
ट्रंप टैरिफ के बीच बढ़ी कूटनीतिक हलचल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयातित सामान पर 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। उनका आरोप है कि भारत रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर रूस की आर्थिक मदद कर रहा है। ट्रंप ने यहां तक कह दिया था कि भारत ही रूस-यूक्रेन युद्ध के लिए जिम्मेदार है।
पुतिन-मोदी के बीच फोन पर बातचीत
अगस्त 2025 की शुरुआत में राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की थी। इस बातचीत में पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अलास्का में हुई बैठक और यूक्रेन युद्ध को लेकर अपने विचार साझा किए। वहीं, पीएम मोदी ने फिर दोहराया कि भारत का रुख हमेशा शांतिपूर्ण समाधान और संवाद के जरिए विवाद सुलझाने का रहा है।
लावरोव ने भी किया था दौरे का ऐलान
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अप्रैल 2025 में ही पुष्टि कर दी थी कि पुतिन भारत का दौरा करेंगे। यह दौरा खास इसलिए है क्योंकि पुतिन फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार भारत आ रहे हैं। उनकी पिछली भारत यात्रा दिसंबर 2021 में हुई थी।