'सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं, तुरंत भागें!': अमेरिका ने अपने नागरिकों को दिया ईरान छोड़ने का निर्देश, इंटरनेट-फ्लाइट्स ठप

ईरान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है और फ्लाइट सेवाएं बाधित हो सकती हैं। जानिए सीमा और यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी।

Updated On 2026-02-06 09:57:00 IST

Iran-US Tensions: अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने को कहा।

Iran-US Tensions: मध्य-पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इसी बीच 6 फरवरी 2026 को ईरान स्थित अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए तत्काल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि वे बिना देरी किए ईरान छोड़ दें। चेतावनी में साफ कहा गया है कि जो लोग वहां रुकने का फैसला करेंगे, उनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं दी जा सकती।

दूतावास के अनुसार, ईरान में सख्त सुरक्षा इंतजाम, सड़कों पर बंदिशें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में रुकावट और इंटरनेट सेवाओं में कटौती जारी है। मोबाइल नेटवर्क, लैंडलाइन और राष्ट्रीय इंटरनेट तक पहुंच सीमित की जा रही है। कई एयरलाइंस ने उड़ानों को सीमित या रद्द कर दिया है, जिससे अचानक यात्रा योजना प्रभावित हो सकती है।

सरकारी मदद पर निर्भर न रहने का निर्देश

अमेरिकी अधिकारियों ने नागरिकों को स्पष्ट कर दिया है कि वे देश छोड़ने की योजना खुद बनाएं और किसी सरकारी सहायता की उम्मीद न करें। फ्लाइट कैंसिलेशन बिना सूचना के हो सकते हैं। अगर तत्काल निकलना संभव न हो, तो लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने, खाने-पीने, दवाइयों और जरूरी सामान का पर्याप्त स्टॉक रखने की सलाह दी गई है।

भीड़ से दूर रहने की सलाह

एडवाइजरी में प्रदर्शन और भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने, स्थानीय मीडिया पर नजर रखने और फोन चार्ज रखने की सलाह दी गई है। नागरिकों से कहा गया है कि वे परिवार से संपर्क में रहें और Smart Traveler Enrollment Program (STEP) में रजिस्ट्रेशन कर अपडेट प्राप्त करें।

दोहरी नागरिकता वालों के लिए खास चेतावनी

अमेरिकी-ईरानी दोहरी नागरिकता रखने वालों को ईरानी पासपोर्ट से ही देश छोड़ने को कहा गया है, क्योंकि ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी नागरिकों को पूछताछ, गिरफ्तारी या हिरासत का जोखिम बना हुआ है। अमेरिकी पासपोर्ट दिखाना भी परेशानी का कारण बन सकता है।

किन सीमाओं से निकल सकते हैं नागरिक?

ताजा जानकारी के अनुसार, आर्मेनिया और तुर्किये की कुछ जमीनी सीमाएं खुली हैं और वहां अमेरिकी नागरिक सीमित अवधि तक बिना वीजा के रह सकते हैं। हालांकि, तुर्कमेनिस्तान के लिए विशेष अनुमति जरूरी है, जबकि अजरबैजान की सीमाएं सामान्य आवागमन के लिए बंद हैं। आपात स्थिति में संबंधित दूतावास से संपर्क कर अनुमति लेनी होगी।

सुरक्षा की गारंटी नहीं

एडवाइजरी के अंत में अमेरिकी सरकार ने दोहराया है कि जो लोग ईरान छोड़ने का फैसला करेंगे, उनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं दी जा सकती। इसलिए हर व्यक्ति को हालात का आकलन करते हुए सावधानीपूर्वक कदम उठाने की सलाह दी गई है।

Tags:    

Similar News