राजस्थान में ठंड का कहर: माउंट आबू में माइनस 7 डिग्री तापमान, खेतों में जमी बर्फ, 26 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम

राजस्थान में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी जिलों तक ठंड का असर तेज़ी से बढ़ गया है।

Updated On 2026-01-24 08:57:00 IST

Rajasthan Weather

राजस्थान में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी जिलों तक ठंड का असर तेज़ी से बढ़ गया है। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में शुक्रवार रात तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार सुबह माउंट आबू में जगह-जगह बर्फ की मोटी परत जमी दिखाई दी, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठिठुर गया।

ठंड का असर केवल पहाड़ी इलाकों तक सीमित नहीं रहा। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर में खेतों में बर्फ जमने की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 10 डिग्री तक गिर गया है। जयपुर, दौसा, अलवर समेत कई जिलों में सुबह से ही बर्फीली हवाएं चलती रहीं, जिससे सर्दी का अहसास और तीखा हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 24 और 25 जनवरी को राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। वहीं, 26 और 27 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते आंधी-बारिश के साथ कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को राजस्थान के 10 से अधिक जिलों में बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर ओले भी गिरे। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ा और दिन-रात दोनों में भारी गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचा, जिससे शनिवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिले बर्फीली हवा की चपेट में रहे।

बर्फ जमने और अत्यधिक ठंड के कारण फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है। शुक्रवार को जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर समेत करीब 15 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दिन के समय सबसे ज्यादा ठंड सिरोही में रही, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम के इस बदले मिजाज ने पूरे राजस्थान में सर्दी को और तेज कर दिया है।

Tags:    

Similar News

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: पहली मावठ की आहट, इन संभागों में बारिश का येलो अलर्ट जारी