BMC Elections 2026: मुंबई में आज मतदान, जानिए क्या खुला है और क्या रहेगा बंद
मुंबई में BMC चुनाव 2026 के लिए आज वोटिंग जारी है। सार्वजनिक अवकाश के चलते बैंक, दफ्तर, स्कूल बंद हैं। जानें आज क्या खुला है और किन सेवाओं पर असर पड़ा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव के लिए आज मुंबई में मतदान हो रहा है।
BMC Elections 2026: देश की सबसे बड़ी नगर निकायों में शामिल बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव के लिए आज मुंबई में मतदान हो रहा है। करीब 1.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने आज शहर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, जिसका असर कई सेवाओं पर पड़ा है।
आज क्या-क्या बंद रहेगा?
चुनाव के चलते आज मुंबई में सरकारी और वित्तीय गतिविधियों पर खासा असर देखने को मिल रहा है।
- सरकारी दफ्तर: BMC क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राज्य और केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद हैं।
- बैंकिंग सेवाएं: अधिकतर सरकारी और निजी बैंक शाखाएं बंद हैं, हालांकि एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू हैं।
- शेयर बाजार: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज नियमित ट्रेडिंग नहीं हो रही है।
- शैक्षणिक संस्थान: नगर निगम द्वारा संचालित स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ अधिकांश निजी शिक्षण संस्थान बंद हैं, क्योंकि कई जगहों को मतदान केंद्र बनाया गया है।
- ड्राई डे लागू: बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद पूरे शहर में शराब की बिक्री पर रोक है। बार, पब, वाइन शॉप और रेस्टोरेंट में शराब नहीं परोसी जा रही है।
किन सेवाओं पर नहीं पड़ा असर?
मतदान के दिन भी मुंबई की जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चालू रखी गई हैं।
- लोकल ट्रेन और मेट्रो: सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें, मेट्रो और BEST बसें अपने तय समय पर चल रही हैं। कई इलाकों में अतिरिक्त सेवाएं भी जोड़ी गई हैं।
- स्वास्थ्य सेवाएं: अस्पताल, दवा दुकानें, एंबुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड पूरी तरह सक्रिय हैं।
- जरूरी दुकानें: किराना स्टोर, दूध बूथ और दैनिक जरूरत की दुकानें खुली हैं।
- मॉल और सिनेमा: कुछ मॉल और मल्टीप्लेक्स दोपहर बाद खुल सकते हैं, ताकि कर्मचारी पहले मतदान कर सकें।
सुबह से शुरू हुआ मतदान
मुंबई के 10,231 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगी। मतदाताओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है। BMC चुनाव को इसके बड़े बजट और ताकत के चलते अक्सर ‘मिनी विधानसभा चुनाव’ भी कहा जाता है। नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।