NITTTR Bhopal बना देश का नंबर 1 संस्थान: शिक्षा मंत्रालय की HEI रिपोर्ट में हासिल किया पहला स्थान

NITTTR Bhopal ने शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी HEI Success Stories अभियान में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। जानें कैसे भोपाल स्थित इस संस्थान ने IIT, IIM जैसे बड़े संस्थानों को पीछे छोड़ा।

Updated On 2025-08-27 21:11:00 IST

NITTTR Bhopal

संजीव सक्सेना, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR) ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। देशभर में आयोजित HEI Success Stories अभियान में NITTTR को पहला स्थान मिला है। यह रिपोर्ट हाल ही में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी की गई।

HEI अभियान में NITTTR की उपलब्धि

यह अभियान 18 नवंबर 2024 से 13 मई 2025 तक चला। इस दौरान NITTTR भोपाल ने सोशल मीडिया पर कुल 58 पोस्ट्स साझा किए गए। इन पोस्ट्स को करीब 2,39,100 इम्प्रेशंस मिले और इसी आधार पर संस्थान को देशभर में टॉप पोजिशन मिली।

NITTTR भोपाल के बाद IIT खड़गपुर (2,32,800), केंद्रीय विश्वविद्यालय तमिलनाडु (2,24,200), IIM अहमदाबाद (1,88,000) और केंद्रीय विश्वविद्यालय कश्मीर (1,72,100) का स्थान रहा।

HEI Success Stories अभियान क्या है?

इस अभियान का उद्देश्य था कि देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों की सफलता की कहानियां, नवाचार और उपलब्धियां आम जनता और शैक्षणिक समुदाय तक पहुंचें।

संस्थान के निदेशक ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर NITTTR भोपाल के निदेशक प्रो. सी.सी. त्रिपाठी ने कहा, ''यह सफलता साबित करती है कि NITTTR भोपाल तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण में ही नहीं, बल्कि तकनीकी शिक्षा में नवाचार, गुणवत्ता और नेतृत्व का प्रतीक बन चुका है।''

वहीं, संस्थान के डीन एवं पीआरओ प्रो. पी.के. पुरोहित ने कहा, ''यह उपलब्धि हमारे सामूहिक प्रयासों और प्रतिबद्धता का नतीजा है। यह इस बात का प्रमाण है कि हमारी गतिविधियां शैक्षणिक जगत और आम लोगों तक सार्थक रूप से पहुंच रही हैं।''

निदेशक ने संस्थान के मीडिया प्रकोष्ठ के सदस्यों प्रो. पी.के. पुरोहित, जितेन्द्र चतुर्वेदी, संजय त्रिपाठी और बबली चतुर्वेदी की मेहनत की सराहना भी की।

Tags:    

Similar News