MP Crime News: मऊगंज में 8वीं की छात्रा से गैंगरेप, परीक्षा देने घर से निकली नाबालिग से जंगल में किया दुष्कर्म
मऊगंज जिले में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मऊगंज में 8वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला।
मध्यप्रदेश (गुरजीत कौर)। मऊगंज जिले में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार छात्रा 8वीं प्री बोर्ड परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान उसे अगवा कर बदमाशों ने गैंगरेप किया। दुष्कर्म 5 फरवरी को हुआ था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नशीला पदार्थ देकर किया रेप
बताया जा रहा है कि, पीड़ित छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूल जा रही थी तभी चार बदमाश दो बाइक में आए और दोनों को अपने साथ ले गए। इसके बाद बदमाशों ने एक छात्रा को कुछ दूर उतार दिया जबकि पीड़िता को अपने साथ ले गए। आरोप है कि, बदमाशों ने पीड़िता को नशीला पदार्थ दिया था। जब छात्र बेहोश हो गई तो उसके साथ रेप किया गया।
जंगल में बेहोश मिली पीड़िता
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि, जब उनकी बेटी शाम तक घर नहीं आई तो उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी। कुछ देर बाद पीड़िता परिजनों को जंगल में बेहोश मिली। जब पीड़िता को अस्पताल ले गए तो डॉक्टर्स द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। डॉक्टर्स की सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा पीड़िता के बयान लेने की भी कोशिश की गई लेकिन वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। गैंगरेप में शामिल अन्य आरोपियों के नाम पुलिस को पता चले हैं। पुलिस अब इन्हें ढूंढने की कोशिश कर रही है।
आरोपी से पूछताछ जारी
जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, पीड़िता के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।