Latest MP News 18 October 2024: अतिथि शिक्षक फिर करेंगे बड़ा प्रदर्शन, रीवा में 5वीं रीजनल कॉन्क्लेव 23 को  

Latest MP News 18 October 2024: MP के अतिथि शिक्षक फिर एक बार मांगों को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 3589.4 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी है।

Updated On 2024-10-18 08:16:00 IST
News in Brief, 19 April: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं। 

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

राजेश गुप्ता बने राज्य प्रशासनिक संघ के अध्यक्ष 
अपर कलेक्टर राजेश गुप्ता राज्य प्रशासनिक संघ के नए अध्यक्ष चुने गए हैं।  गुप्ता अभी अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन और नीति विश्रलेषण संस्थान के संचालक हैं। संघ की नई कार्यकारिणी दस साल बाद गठित की गई। सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। नगर निगम की अपर आयुक्त टीना यादव को संघ की महासचिव चुना गया। किरण गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनीं। दस साल से संघ के अध्यक्ष रहे रिटायर्ड राज्य प्रशासनिक अधिकारी जीपी माली को संघ का संरक्षण तय किया गया। कवींद्र कियावत को भी संरक्षक बनाया। देवीसरण मुख्य संरक्षक बने। अध्यक्ष समेत कुल 13 पदाधिकारी चुने गए, जबकि 15 कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। 

मुख्यमंत्री मुंबई में पेट्रोकेमिकल काॅन्क्लेव में रखेंगे MP का औद्योगिक विजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को मुंबई में रहेंगे। सीएम केमिकल एंड पेट्रोकेमिकल काॅन्क्लेव में उद्योगपतियों के सामने एमपी में औद्योगिक निवेश के विजन को रखेंगे। यह काॅन्क्लेव बाम्बे एक्जीबिशन सेंटर में चल रही है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी शामिल होने वाले हैं। बता दें कि मोहन यादव की सरकार लगातार औद्योगिक निवेश बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए मप्र के अंदर क्षेत्रीय और दूसरे राज्यों में इंडस्ट्रियल समिट की जा रही है।

MP के अतिथि शिक्षक फिर करेंगे बड़ा प्रदर्शन
मध्य प्रदेश के अतिथि शिक्षक एक बार फिर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं। नियमितीकरण सहित कई मांगों को लेकर शिक्षक नवंबर के पहले सप्ताह में जेल भरो अभियान करने जा रहे हैं। शिक्षक अपने खिलाफ दर्ज FIR को भी वापस लेने की मांग करेंगे। बता दें कि 2 अक्टूबर को अतिथि शिक्षक संघ ने भोपाल में एक बड़ा प्रदर्शन किया था, जिसमें पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी किया गया था। संघ के प्रदेश अध्यक्ष केसी पंवार, संगठन के सदस्य बीएम खान, मुकेश जोशी और संतोष के खिलाफ नामजद और 250 अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। 

भोपाल-कानपुर कॉरिडोर को केंद्र से मिली हरी झंडी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश में भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर को 4-लेन में अपग्रेड करने की घोषणा की है। भोपाल और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर को जल्द ही फोरलेन इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ने का काम शुरू होगा। कॉरिडोर की कुल लंबाई 526 किमी होगी। इसमें मध्य प्रदेश में 360 किमी शामिल हैं। यह कॉरिडोर चार पैकेजों में विकसित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इन पैकेजों के लिए 3,589.4 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान कर दी है। मंडला-नैनपुर मार्ग के लिए भी 592 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की गई है।  

पीएचडी शोध छात्रवृत्ति के आवेदन 18 नवंबर तक
उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2024-25 के लिए विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं दिव्यांग श्रेणी (सभी वर्ग) के शोधार्थियों को पीएचडी शोध छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके अनुसार सत्र 2024-25 के लिए इन वर्गों के शोधार्थी, पीएचडी शोध छात्रवृत्ति के लिए 18 नवंबर 2024 तक आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे। शोधार्थियों को अपना आवेदन पत्र, संस्था/शोध केन्द्र से अग्रेषित कराकर कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, तृतीय तल सतपुडा भवन, भोपाल में 18 नवंबर तक भेजना होगा। 

रीवा में रीजनल कॉन्क्लेव 23 को  
प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने 23 अक्टूबर को सरकार रीवा में पांचवीं रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने जा रही है। इससे विन्ध्य क्षेत्र में निवेश आने से औद्योगिक परिदृश्य और अधिक विस्तृत होगा। कॉन्क्लेव में व्यापारिक और औद्योगिक हितधारकों के लिए बिज़नेस प्रमोशन सेंटर की स्थापना की जा रही है। यहां 16 से अधिक प्रमुख सरकारी और निजी विभाग अपने उत्पादों, सेवाओं और नीतियों को प्रदर्शित करेंगे। इसका उद्देश्य व्यापार को सरल बनाने के साथ निवेशकों और उद्यमियों के बीच संवाद को बढ़ावा देना है।

Similar News