Bhopal News: एएसआई ने पत्नी की बीमारी से परेशान होकर खुद को मारी गोली, बेटे से साफ करने के लिए मांगी थी राइफल

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस विभाग के एक एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक पत्नी की बीमारी की वजह से एएसआई पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे।

Updated On 2024-07-10 17:07:00 IST
प्रतीकात्मक फोटो।

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस विभाग के एक एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। एएसआई ने अपनी लाइसेंस 315 बोर की राइफल से फायरिंग करते हुए खुद की जान ले ली है। पुलिस को मौके पर सुसाइड़ नोट भी नहीं मिल सका है।

एएसआई के आत्महत्या को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि उनकी पत्नी कैंसर से पीडित हैं। पत्नी की बीमारी की वजह से एएसआई पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। एएसआई का परिवार शहर के कमला नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहता था। 

अपनी बंदूक से मारी गोली
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय एएसआइ योगेंद्र यादव ने बुधवार की सुबह करीब 09 बजे खुद को गोली मार ली। जिससे पुलिस लाइन मे सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं मौके पर पहुंचे लोगों ने योगेंद्र को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के साथ रहते थे एएसआई योगेंद्र
घटना को लेकर एसीपी टीटीनगर ने जानकारी दी कि मृतक एएसआई मूलत: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले थे। योगेंद्र यादव अपनी पत्नी, माता-पिता और तीन बेटों के साथ रहते थे। तनाव में होने के कारण वह सुबह जल्दी उठ जाते थे। बुधवार को भी वह जल्दी उठे और अपने बेटे से राइफल साफ करने के लिए मांगी। इसके बाद उसी रायफल से उन्होंने खुद को गोली मार ली। फिलहाल पुलिस इस घटना को लेकर जांच कर रही है।

Similar News