भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने PWD कार्यशाला का किया शुभारंभ, लोकपथ 2.0 ऐप लॉन्च

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में लोक निर्माण विभाग की राज्य स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान लोकपथ 2.0 ऐप और कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का विमोचन किया गया।

Updated On 2026-01-10 18:45:00 IST

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में लोक निर्माण विभाग की राज्य स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का उद्घाटन किया।

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित लोक निर्माण विभाग की राज्य स्तरीय प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास की गति इंजीनियरों की कार्यकुशलता पर निर्भर करती है और यही क्षमता भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे ले जाएगी।

लोक निर्माण विभाग जनता और निर्माण के मूल भाव पर कार्य कर रहा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग अपने नाम के अनुरूप लोक यानी जनता और निर्माण यानी सृजन की भावना से काम कर रहा है। विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण और विकास कार्य आम लोगों के जीवन को सुगम और सुरक्षित बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का हर प्रयास जनहित और जनकल्याण से जुड़ा हुआ है।


प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साकार कर रहा पीडब्ल्यूडी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे और क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अभियंता इस विजन को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि विभाग आने वाले समय में विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का हुआ विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का विमोचन किया। यह फ्रेमवर्क अभियंताओं के तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास, आधुनिक परियोजना प्रबंधन और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

लोकपथ 2.0 ऐप लॉन्च, नागरिकों को मिलेगी स्मार्ट सुविधा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकपथ मोबाइल ऐप के उन्नत संस्करण ‘लोकपथ 2.0’ का लोकार्पण भी किया। यह ऐप सड़क रखरखाव की निगरानी, नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान, रूट प्लानिंग, ब्लैक स्पॉट अलर्ट, आपातकालीन SOS सुविधा और सड़क किनारे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान करेगा।

पिछले दो वर्षों के नवाचारों पर आधारित पुस्तिका जारी

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए नवाचारों और सुधारात्मक प्रयासों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया। इसमें डिजिटल समाधान, गुणवत्ता नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक निर्माण तकनीक और प्रबंधन सुधारों की झलक प्रस्तुत की गई है।

विशेषज्ञों ने क्षमता निर्माण पर रखे विचार

कार्यक्रम में कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क, लोकपथ 2.0 और विभाग की हालिया गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। मैनेजमेंट विशेषज्ञ विक्रांत सिंह तोमर ने तकनीकी प्रशिक्षण, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, वित्तीय प्रबंधन और कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट पर केंद्रित प्रस्तुति दी।

Tags:    

Similar News