MP News: ट्रक हादसे में घायल छात्रा संस्कृति से CM ने की बात, बोले- तुम जैसी बेटियां प्रदेश का भविष्य हैं
मुख्यमंत्री ने संस्कृति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार हमेशा उसके साथ है। उन्होंने उसे पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा दी और कहा कि “तुम जैसी बेटियां प्रदेश का भविष्य हैं।”
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से इंदौर की 17 वर्षीय संस्कृति वर्मा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। संस्कृति की मुस्कान देखकर सीएम ने कहा- "तुम्हारे चेहरे की मुस्कान से हमारी दीपावली आज ही मन गई।"
मुख्यमंत्री ने संस्कृति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार हमेशा उसके साथ है। उन्होंने उसे पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा दी और कहा कि “तुम जैसी बेटियां प्रदेश का भविष्य हैं।”
संस्कृति, जो इंदौर के संगम नगर की रहने वाली है, 15 सितंबर 2025 को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे में उसके बाएं हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं। इंदौर के डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल भेजना आवश्यक हो गया।
सीएम मोहन यादव ने तुरंत निर्णय लेते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि संस्कृति को एयर एंबुलेंस से मुंबई एयरलिफ्ट किया जाए। सरकार के खर्चे पर उसे बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां सर्जरी के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
संस्कृति के इलाज पर मध्यप्रदेश सरकार ने लगभग ₹30 लाख रुपए का व्यय किया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है और दोबारा अपने सपनों की ओर बढ़ रही है। उसने मुख्यमंत्री से कहा कि वह CA (चार्टर्ड अकाउंटेंट) बनना चाहती है, जिस पर सीएम ने कहा कि अगली बार इंदौर आने पर वे व्यक्तिगत रूप से उससे मिलने जाएंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। सरकार के त्वरित फैसले और संवेदनशील पहल ने एक बेटी के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा दी।