अहमदाबाद विमान हादसा: प्लेन क्रैश में ग्वालियर के आर्यन की मौत, MBBS की पढ़ाई के लिए गया था अहमदाबाद

Ahmedabad plane crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुए दिल दहला देने वाले एयर इंडिया विमान हादसे में ग्वालियर के आर्यन राजपूत की जान चली गई है। एक साल पहले ही MBBS की पढ़ाई के लिए अहमदाबाद गया था।

Updated On 2025-06-13 16:41:00 IST

Ahmedabad plane crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुए दिल दहला देने वाले एयर इंडिया विमान हादसे में ग्वालियर के आर्यन राजपूत की जान चली गई है। एक साल पहले ही MBBS की पढ़ाई के लिए अहमदाबाद गया था। अभी वह सेकंड ईयर का छात्र था और डॉक्टर बनने का सपना संजो रहा था।

आर्यन 31 मई को अपने गांव एक शादी में शामिल होने आया था। परिजनों और गांववालों को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी। दो दिन बाद वह पढ़ाई के लिए वापस अहमदाबाद लौट गया। आर्यन अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके पिता रामहेत किसान हैं, मां रानी एक घरेलू महिला हैं। उसकी बड़ी बहन निकिता और भाई आदित्य हैं।

कैंटीन में लंच करते वक्त हुआ हादसा
गांव के रहने वाले पंकज सिंह किरार ने बताया कि हादसे के वक्त आर्यन हॉस्टल के कैंटीन में लंच कर रहा था, तभी फ्लाइट AI-171 क्रैश होकर सीधे हॉस्टल की इमारत से टकराई। हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। गांव के लोग अब भी इस खबर पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा है।

आर्यन के परिवार को पूरी जानकारी नहीं दी गई है, सिर्फ पिता को सूचित किया गया है, जो गांव के कुछ लोगों के साथ अहमदाबाद पहुंचे हैं। वे शव लेकर रात करीब 9-10 बजे तक गांव लौटेंगे।

हादसे में 265 की गई जान, सिर्फ एक यात्री बच पाया
एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद यह प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिकों समेत कुल 230 यात्री सवार थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। दुर्घटना में 12 क्रू मेंबर्स भी मारे गए, और सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। वहीं, हॉस्टल में भी 5 अन्य मौतें हुईं, जिनमें 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News