सोनीपत में युवक की हत्या: पुश्तैनी जमीन विवाद में 6 आरोपियों ने चाकू से किया हमला, मृतक के भाई ने किया खुलासा
Murder in Sonipat: सोनीपत में युवक की 6 लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।
Murder in Sonipat: सोनीपत में पुश्तैनी जमीन विवाद के चलते युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि करीब 6 आरोपियों ने चाकू से हमला करके युवक की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के भाई ने 6 लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर खरखौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी तरफ FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपियों ने मृतक के साथ की मारपीट
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सिसाना गांव के रहने वाले अशोक के तौर पर हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के भाई रिंकू ने बताया कि अशोक गांव के खेतों में भट्ठे के पास परचून की दुकान करता था। 7 जून को गुहणा गांव के रहने वाला अमित और सिसाना गांव के बलजीत उर्फ सोनू उसकी दुकान पर आ गए। जमीनी विवाद को लेकर दोनों ने अशोक के साथ मारपीट की। 7 जून को मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
8 जून को फिर से किया हमला
8 जून को दोनों आरोपियों ने फिर से अशोक के साथ झगड़ा किया। इसके बाद अशोक ने आरोपियों की शिकायत पुलिस को दी। 9 जून को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने 11 जून को दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया। जहां दोनों के बीच राजीनामा हो गया। रिंकू ने पुलिस को बताया कि राजीनामे के बाद बाहर निकलते ही आरोपियों ने उसे और अशोक को जान से मारने की धमकी दे डाली।
15 जून की रात को घर नहीं लौटा मृतक
रिंकू ने बताया कि 15 जून को अशोक ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब फोन किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद रिंकू परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दुकान पर पहुंच गया। रिंकू ने बताया कि जब वे पक्की सड़क से भट्ठे की ओर करीब 100 मीटर ही पहुंचे थे, तो अमित, बलजीत, इशु, निशु और दीपक उर्फ मोनू समेत 2-3 अन्य लोग अशोक पर चाकू से हमला कर रहे थे।
भाई की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज
परिजनों को आता देख सभी आरोपी मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर पर सवार होकर फरार हो गए। अशोक की मौके पर मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले के बारे में सूचित किया। रिंकू की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।