रोहतक में ऑनर किलिंग: शख्स ने लव मैरिज करने पर 5 गोलियां मारकर किया बहन का मर्डर, 1 गंभीर रूप से घायल

Rohtak Murder Case: रोहतक में भाई ने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Updated On 2025-11-20 11:14:00 IST

नोएडा में गोली मारकर युवती की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Rohtak Murder Case: रोहतक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने अपनी बहन की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि मृतका के देवर पर भी फायरिंग की गई है, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह

जानकारी के मुताबिक,पूरा मामला रोहतक के काहनी गांव का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान 23 साल की सपना के तौर पर हुई है। सपना ने सूरज नाम के शख्स से 3 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का डेढ़ साल का बेटा भी है। सपना के परिवार वाले इस विवाह से खुश नहीं थे। दोनों ने शादी के बाद गांव के बाहर किराए पर घर लिया था। करीब 3 महीने पहले ही दोनों ने गांव आना शुरू कर दिया था।

पुलिस पूछताछ में सूरज के परिजन ने बताया कि सपना के परिवार ने प्रेम विवाह को लेकर रंजिश रखी हुई थी। बीती देर रात सपना अपने गांव ससुराल में थी। उस दौरान घर सपना और उसका देवर साहिल और सास मौजूद थे। सूरज किसी काम से बाहर गया हुआ था। उसी दौरान सपना का भाई भाई संजू अपने 4-5 साथियों के साथ उसके ससुराल आ गया। आरोपी संजू ने सपना को 5 गोलियां मार दीं।

कोर्ट मैरिज की इसलिए मारी गोली- पति

मृतका के पति सूरज का कहना है कि जिस समय हत्या हुई वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। परिजन ने उन्हें फोन करके मामले के बारे में सूचित किया था। सूरज ने आगे बताया कि फायरिंग करने वाले गांव के ही लोग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मैंने कोर्ट मैरिज की थी, इसलिए गोलियां मारी गई हैं।

देवर को भी मारी गोली

गोली की आवाज सुनकर साहिल उसे बचाने के लिए आगे आया, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी गोली चला दी। सपना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन ने साहिल को तुंरत PGI मे भर्ती करवा दिया।

वहीं पुलिस ने सपना के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि ससुराल वालों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। शिकायत दर्ज होने के बाद ही इस मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतका के पति सूरज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News