दिल्ली-हरियाणा में आज रात बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी के साथ होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में मौसम एक बार फिर से करवट लेता नजर आ रहा है। आज सुबह से तेज हवा चल रही है। जिससे धूप उड़ रही है। सड़कों पर चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Updated On 2024-02-19 19:21:00 IST
दिल्ली के मौसम का हाल।

Aaj Ka Mausam: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। आज सोमवार सुबह से ही तेज हवा चल रही है। हालांकि, धूप भी खिली है लेकिन सरसराती हवा चलने की वजह से ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई और इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो आज 19 फरवरी की रात को आसमान में बादल छाएंगे। इसके साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश भी होगी। तेज हवा और बारिश होने का ये सिलसिला अगले दो दिन यानी बुधवार तक जारी रहेगा। बारिश के बाद तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिलेगी। जिससे लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ेगा। 

तेज हवा के बीच दिल्ली का तापमान

जानकारी के मुताबिक सोमवार यानी आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि बीते दिन रविवार को यह 8.6 डिग्री रहा था। हालांकि, आज सुबह तेज हवा के चलते दिल्ली में विजिबिलिटी का स्तर करीब ढाई हजार मीटर रिकॉर्ड किया गया। आज दोपहर में धूप खिली रही और तेज हवाएं भी चलती रही। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम के समय 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की बरसात भी होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

हरियाणा में भी होगी बारिश 

इसके साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ में भी मौसम खराब होगा। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19-21 फरवरी के दौरान आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उधर, राजस्थान में भी 19 और 20 फरवरी बादल बरसने की संभावना है।  उत्तर प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहेगा। प्रदेश में 20-22 फरवरी के दौरान छिटपुट आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इसके अलावा पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी 19 और 20 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बर्फबारी भी देखने को मिल रही है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली-NCR में मौसम फिर से लेगा करवट,  आंधी और बारिश की संभावना

दिल्ली में वायु प्रदूषण का हाल 

इस बीच दिल्ली में तेज हवाओं के चलने के बाद भी आज दिल्ली की हवा 'खराब' श्रेणी में बनी रही। सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 225 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में बारिश होने के बाद प्रदूषण से लोगों को राहत मिलेगी। इसके बाद दिल्ली के लोगों को एक बार फिर से साफ हवा में सांस लेने को मिलेगा। 

Similar News