Delhi-Haryana Weather: दिल्लीवासियों को गर्मी से मिला छुटकारा, हरियाणा के 13 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी
Delhi-Haryana Weather: आज दिल्ली के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, हरियाणा के कई जिलों में भी आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पढ़ें आज का मौसम अपडेट...
Delhi-Haryana Weather: दिल्ली-एनसीआर में लोगों को भीषण गर्मी से छुटकारा मिलने वाला है। आज दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से 2 मई को आंधी-तूफान और बिजली का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी। इसके चलते आज राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के कुछ इलाकों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। इससे दिल्ली में भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत की सांस मिलेगी। बता दें कि बीते गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
अगले कुछ दिनों तक लू से मिलेगा राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार के बाद अगले कुछ दिनों तक तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग की मानें, इन दिनों में हीटवेव नहीं चलेगी। 3 मई को फिर से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, वायु गुणवत्ता की बात करें, तो बीते गुरुवार को दिल्ली में हवा का एक्यूआई 167 दर्ज किया गया, जो कि 'मध्यम' कैटेगरी में आता है।
हरियाणा के 13 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी
हरियाणा के लोगों को पिछले दिनों गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं, आज हरियाणा के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान चलने की उम्मीद है। इसको लेकर IMD की ओर से शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ शामिल हैं।
इस दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आज हरियाणा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। बता दें कि बीते गुरुवार को हरियाणा के यमुनानगर में सबसे कम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में सबसे ज्यादा तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: Rain in April 2025: दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में इस दिन होगी बारिश, तेज गर्मी से मिलेगी राहत