Online Fraud: बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ ठगी, 3 गिरफ्तार

साइबर पुलिस लोगों के साथ धोखाधड़ी कर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जालसाज बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ ठगी करते थे।

Updated On 2024-02-10 13:51:00 IST
प्रतीकात्मक तस्वीर।

Online Fraud: राजधानी दिल्ली समेत देशभर में साइबर ठगों का जाल फैलता ही जा रहा है। साइबर ठग दिन प्रति दिन जालसाजी का नया तरीका इजात करते रहते हैं। हालांकि, पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर आरोपियों को दबोच रही है। इस बार जालसाजों ने बैंक को अपना सहारा बनाया है। आरोपियों ने बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की है।

तीन जालसाज गिरफ्तार

इसी कड़ी में साइबर पुलिस स्टेशन शाहदरा की टीम ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। यह लोग बैंक की फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लोगों को धोखा देते थे। अपराध में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी इनसे बरामद हुए हैं।

डीसीपी सुरेंद्र चौधरी के अनुसार, 6 फरवरी को मनीष कुमार नामक शख्स की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि उन्हें अज्ञात नंबर से एक मैसेज आया कि उनके एक्सिस बैंक रिवॉर्ड पॉइंट समाप्त होने वाले हैं। शिकायतकर्ता ने दिए गए लिंक पर क्लिक किया, जिससे वह एक्सिस बैंक की फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गया।

बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी

शिकायतकर्ता ने इस पर अपने बैंक खाते का विवरण भरा जिसके बाद उसके बैंक खाते से 1,87,868 रुपये कट गए। पुलिस ने जांच के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। सहआरोपियों की गिरफ्तारी एवं ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए इन्हें एक दिन के पीसी रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के नाम भरत, अमित और अभिषेक बताए गए हैं। पुलिस तीनों की पहले की संलिप्तता के बारे में जांच कर रही है।

Similar News