Lok Sabha Election: मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली में लोकसभा चुनाव अभियान की करेंगे शुरुआत, यमुनापार में डोर टू डोर बांटेंगे गारंटी कार्ड

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली में उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र की घोंडा विधानसभा से कांग्रेस का गारंटी कार्ड बांटकर लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

Updated On 2024-04-02 20:50:00 IST
जनसभा को संबोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। राजनीतिक दलों में आरोप प्रत्यारोप का दौर लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी लोकसभा चुनावों के चलते कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को यमुनापार उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र की घोंडा विधानसभा से कांग्रेस का गारंटी कार्ड बांटकर लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस बारे में दिल्ली अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने बताया कि लोकसभा चुनावों में मतदाताओं के लिए कांग्रेस अपना गांरटी कार्ड जारी करेगी, जिसे घर-घर पहुंचाने की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे करने जा रहे हैं।

डोर टू डोर बांटेंगे गारंटी कार्ड

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को घोंडा विधानसभा के दूसरा पुस्ता, कैथवाड़ा क्षेत्र की आम जनता के घर घर जाकर अपने हाथों से कांग्रेस का गांरटी कार्ड बांटकर इस अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले 31 मार्च, 2024 को रामलीला मैदान की लोकतंत्र बचाओ रैली में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने देश की 95 प्रतिशत जनसंख्या के लिए युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय, किसान न्याय, हिस्सेदारी न्याय जैसे पांच न्याय के अंतर्गत 25 न्याय की मांगों को प्रमुखता से उठाया था।

लवली ने बीजेपी पर साधा निशाना

लवली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी परम्परा, इतिहास और विचारधारा के अनुरुप लोगों के जीवन के विकास, उत्थान और जीवन शैली को मजबूत बनाने के लिए आजादी के बाद से लगातार कार्य करती है। परंतु पिछले 10 वर्षों में भाजपा की तानाशाही सरकार ने बेरोजगारी और महंगाई पर नियंत्रण करने की बजाय देश को आर्थिक संकट की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को स्वावलंबी बनाने की बजाय 85 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज लेने को मजबूर कर दिया है, जिसके बाद गरीब आदमी आत्मनिर्भर बनने की बजाय सरकार पर आश्रित बनकर रह गया है।

Similar News