Delhi Khalistan Slogans: करोल बाग और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के नीचे लिखे भारत विरोधी नारे, जांच में जुटी पुलिस
Delhi Khalistan Slogan: दिल्ली में एक बार फिर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। इस बार करोल बाग और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के नीचे एंटी इंडिया स्लोगन लिखे गए हैं।
Delhi Khalistan Slogan: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। इस बार करोल बाग और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के नीचे एंटी इंडिया स्लोगन लिखे गए हैं। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, इसके पीछे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का हाथ होने की आशंका है।
दिल्ली में फिर लिखे भारत विरोधी नारे
दिल्ली में दो मेट्रो स्टेशन करोल बाग और झंडेवालान की दीवारों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर 'खालिस्तान जिंदाबाद' लिखा गया था। पुलिस सूचना पाते ही मौके पर पहुंची और देश विरोधी नारों को मिटाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस खालिस्तान के समर्थन में यह नारा किसने और क्यों लिखा है, इसका भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मेट्रो स्टेशनों पर यह नारे लिखने वाले की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली की सड़कों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। इसके पीछे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की साजिश सामने आती रही है। वह कई बार वीडियो के माध्यम से भी इस तरह की घटना की जिम्मेदारी ले चुका है।
खालिस्तानी समर्थक को किया था गिरफ्तार
बता दें कि इससे पहले इसी साल जनवरी में दिल्ली पुलिस की द्वारका और पश्चिम जिला की संयुक्त टीम ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के स्लीपर सेल से जुड़े एक शख्स को गिरफ्तार किया था। इसका नाम 37 वर्षीय जसविंदर सिंह उर्फ लक्की बताया गया था। पुलिस ने इसे विष्णु गार्डन इलाके से गिरफ्तार किया। यह आतंकी गुरपतवंत सिंह के कहने पर दिल्ली में भारत विरोधी नारे लिखता था।