Delhi Former Mayor Passes Away: दिल्ली के पूर्व मेयर और कांग्रेस के कद्दावर नेता सतबीर सिंह का निधन, कई महीनों से चल रहे थे बीमार
दिल्ली के पूर्व मेयर सतबीर सिंह का रविवार की रात को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय बीमार चल रहे थे।
Delhi Former Mayor Passes Away: दिल्ली के पूर्व मेयर और कांग्रेस के कद्दावर नेता सतबीर सिंह का रविवार की रात को निधन हो गया। वह 69 साल के थे। वह पिछले कुछ समय बीमार चल रहे थे। आज सोमवार को उनका अंतिम संस्कार महरौली इलाके के श्मशान घाट पर किया गया। उनकी यात्रा में उनके परिजन और जानने वाले लोग शरीक हुए। उनके एक करीबी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया।
कई महीनें से चल रहे थे बीमार
सतवीर सिंह ने रविवार रात लगभग 9:26 बजे अंतिम सांसें लीं। सतबीर सिंह के जाने के बाद उनके घर में शोक का माहौल है। उनके करीबी ने यह भी बताया कि बीते कई महीनों से सतबीर सिंह की तबीयत खराब चल रही थी। कई बार उन्हें ICU में भी भर्ती रहना पड़ा था। उन्हें शुगर और BP की शिकायत रहती थी। हालांकि, पिछले कई दिनों से वह अपने घर पर ही आराम कर रहे थे। अचानक रविवार 26 मई को उनकी तबीयत बिगड़ गई।
ये भी पढ़ें:- हरियाणा के बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक का निधन: हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
कौन थे सतबीर सिंह
सतबीर सिंह का जन्म 15 अगस्त 1954 को हुआ था। दिल्ली के महरौली इलाके में जन्मे और पले-बड़े सतबीर सिंह कांग्रेस के काफी जाने-माने चेहरे थे। उन्होंने कई दशक दिल्ली में कांग्रेस के लिए कार्य किया। सतबीर सिंह सन 2005-2006 के बीच कांग्रेस से दिल्ली का मेयर रह चुके हैं।
वह कम उम्र से ही कांग्रेस के साथ जुड़ गए थे और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष बन गए। NSUI दिल्ली इकाई के अध्यक्ष बने, 3 बार निगम पार्षद रहे हैं। परिवार में उनका एक बेटा एक बेटी और उनकी धर्मपत्नी पुष्पा सिंह है। जो राजनीति में काफी सक्रिय रहती हैं। अभी उन्हें कांग्रेस के द्वारा दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद दिया गया है।