Delhi Water Issue: कई दिन बाद अमोनिया की मात्रा हुई सामान्य, वजीराबाद संयंत्र ने क्षमता से अधिक किया जल शोधन

दिल्ली में यमुना नदी में कई दिनों बाद अमोनिया की मात्रा सामान्य हुई है। पानी में अमोनिया की मात्रा सामान्य होने के बाद सोमवार को वजीराबाद जल शोधन संयंत्र अपनी पूरी क्षमता के साथ चला।

Updated On 2024-07-09 21:06:00 IST
पानी में अमोनिया

Ammonia Level Normal In Yamuna: यमुना नदी में कई दिनों बाद अमोनिया की मात्रा सामान्य होने के बाद सोमवार को वजीराबाद जल शोधन संयंत्र अपनी पूरी क्षमता के साथ चला। जिसके बाद वजीराबाद जल शोधन संयंत्र ने अपनी तय क्षमता 131 एमजीडी से अधिक कच्चे जल का शोधन किया।

यमुना में अमोनिया की मात्रा हुई सामान्य

इस बारे में डीजेबी के समर एक्शन प्लान से जुड़े एक आला अधिकारी ने बताया कि अब यमुना में अमोनिया की मात्रा सामान्य स्तर पर आ गई है। अमोनिया घटने के बाद वजीराबाद जल संयंत्र ने अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करना शुरू कर दिया है। अधिकारी की मानें तो सोमवार को संयंत्र ने अपनी तय क्षमता से एक एमजीडी ज्यादा 132 एमजीडी कच्चे जल का शोधन किया। जिसके बाद वजीराबाद संयंत्र से जुड़े क्षेत्रों में पाइप लाइन से की जाने वाली आपूर्ति भी सामान्य हो गई है। 

बता दें कि यमुना में बुधवार शाम अमोनिया की मात्रा बढ़ने से वजीराबाद संयंत्र में जल शोधन का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गया था। शोधन प्रभावित होने से दर्जनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही थी, जबकि अमोनिया आने से पहले वजीराबाद संयंत्र जलभराव के चलते खराब हो गया था। जिससे भी कई दिनों तक संयंत्र बंद पड़ा रहा।

वजीराबाद संयंत्र से पानी शोधन हुआ था कम

ऐसे में वजीराबाद संयंत्र से करीब 50 एमजीडी कच्चा पानी कम शोधन हो रहा था। जिसकी वजह से वजीराबाद संयंत्र से आपूर्ति वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित रही। जिसके चलते लोगों को फिर पानी की समस्या का सामना करना पड़ा था।

गौरतलब है कि दिल्ली में बीते दिनों में यमुना में पानी का स्तर कम होने के चलते जल संकट पैदा हो गया था। इसके लिए दिल्ली सरकार ने हरियाणा सरकार द्वारा पूरा पानी नहीं छोड़ने का आरोप लगाया था। ऐसे में अब यमुना में पानी का स्तर थोड़ा ठीक हुआ है, तो अमोनिया की मात्रा बढ़ गई थी।

Similar News