Matka Phod Protest: दिल्ली में पानी संकट के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेस के कार्यकर्ता, AAP सरकार के खिलाफ मटका फोड़ कर किया प्रदर्शन

दिल्ली जल संकट को लेकर आज शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सरकार के खिलाफ मटका फोड़ प्रदर्शन किया। इस बीच बीजेपी ने चुटकी ली है।

Updated On 2024-06-15 11:02:00 IST
जल संकट के मुद्दे पर सड़क पर उतरी कांग्रेस।

Matka Phod Protest: दिल्ली में पानी संकट को लेकर कई इलाकों में तबाही मची हुई है। बूंद-बूंद पानी के लिए लोगों तरसना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पानी के संकट का आलम ये है कि लोगों को कई-कई घंटे टैंकर के इंतजार में बैठना पड़ रहा है। टैंकर आते ही ज्यादा पानी भरने की लोगों में होड़ सी मच जाती है। लोग अपना बर्तन लेकर एक दूसरे से नोकझोंक तक करने लगते हैं। इसको लेकर विपक्षी दल लगातार दिल्ली सरकार पर हमलवार हैं। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पानी संकट को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया।

दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की

दिल्ली जल संकट के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी के कई इलाकों में मटका फोड़ प्रदर्शन कियाष इतना ही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सरकार पर जमकर निशाना साधा और दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि पानी के नाम पर जनता को ठगा जा रहा है। इसमें गरीब लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं, सरकारें आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेल रही हैं। दिल्लीवालों को हर पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है तो ऐसे में पानी का इंतजाम पहले से क्यों नहीं किया गया?

कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे (सीएम केजरीवाल) राजनीति करने में व्यस्त थे। जनता को फ्री का पानी देने के नाम पर उनको प्यासा मारा जा रहा है। भीषण गर्मी दिल्ली की जनता पानी के लिए तरस रही है। जिन इलाकों में पानी आ भी रहा है तो पानी क्वालिटी बिल्कुल ही खराब है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में मटका फोड़ प्रदर्शन कर गूंगी-बहरी सरकार को जगाने का काम करेगी। वे टैंकर माफिया से मिले हुए हैं। दिल्ली का 58 प्रतिशत पानी लीकेज में बर्बाद हो रहा है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी ने कसा तंज

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर बीजेपी ने निशाना साधा है। दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली वाले हैरान हैं की जो कांग्रेस अभी दस दिन पहले आम आदमी पार्टी से जय एवं वीरू जैसी दोस्ती का दम भर रही थी आज उसे उसी आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार नजर आ रहा है।

Similar News