दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का तंज: देवेंद्र यादव बोले- जिस जनता ने भरोसा किया, केजरीवाल ने उन्हें धोखा दिया
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने उन पर भरोसा किया लेकिन भ्रष्टाचार आप ने जनता को धोखा दिया।
Delhi Politics: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत बढ़ती जा रही है। जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी कांग्रेस को इंडिया अलायंस से बाहर करने की मांग कर रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर पलटवार कर रही है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने गुरुवार को दावा करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल अपनी धूमिल प्रतिष्ठा और घटते जनाधार को फिर से हासिल करने के लिए दूसरों के ऊपर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में केजरीवाल और उनके साथी संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जमानत पर जेल से बाहर आए हैं, लेकिन अब उनके ऊपर दोबारा से गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
'भरोसा करने वाली जनता के साथ किया धोखा'
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाया है कि दिल्ली चुनाव में वह बीजेपी की मदद कर रहे हैं। जिसके बाद से आम आदमी पार्टी कांग्रेस को इंडिया अलायंस से बाहर करने की मांग कर रही है। इसका जवाब देते हुए देवेंद्र यादव ने दावा करते हुए कहा कि 'आप' बीजेपी के लिए टीम-बी का काम कर रही है, जिसकी कीमत उसे चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस की ओर से आप आदमी पार्टी के काले कारनामों पर 12 सूत्रीय श्वेत पत्र जारी किया गया था। जिसके बाद उसकी विश्वसनीयता निचले स्तर पर पहुंच गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसमें केजरीवाल के भ्रष्टाचार और उनके द्वारा लोगों के साथ किए गए विश्वासघात को दिखाया गया है, कि जिस जनता ने उनके ऊपर भरोसा किया और ईमानदार सरकार की उम्मीद की थी उन्हें अरविंद केजरीवाल ने धोखा दिया है।
'झूठी योजनाओं की आड़ में जनता को ठग रहे'
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार के अपने विभाग ही लोगों को 'आप' की योजनाओं से सतर्क कर रही है, जिसके लिए नोटिस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों के केजरीवाल ने जो चुनावी वादे किए हैं, उन्हें कैबिनेट से मंजूरी नहीं मिली है। आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि फर्जी योजनाओं के लिए रजिस्ट्रेशन की आड़ में मतदाताओं की निजी जानकारी लेकर आम जनता को ठगा जा रहा है।
'कांग्रेस को आप के साथ गठबंधन नहीं करना चाहिए था'
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस लगातार कह रही है कि राजधानी के लोगों के लिए केजरीवाल खतरनाक है और यह बात तब जाकर सच साबित हुई, जब वह अपने पार्टी के नेताओं के साथ भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए। उन्होंने बताया कि जब वह महीने भर दिल्ली न्याय यात्रा कर रहे थे, तो उस दौरान लोगों ने उनसे कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भ्रष्टाचारी 'आप' के साथ गठबंधन नहीं करना चाहिए था। अगर कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ती, तो उसके उम्मीदवार जीत सकते थे।
ये भी पढ़ें: Delhi Elections 2025: अजय माकन के 'एंटी-नेशनल' बयान पर भड़की सीएम आतिशी, बोलीं- कांग्रेस को फंड कर रही BJP