Delhi Elections 2025: सुनीता के बाद अवध ओझा ने केजरीवाल को बताया श्रीकृष्ण का अवतार, स्वाति मालीवाल ने साधा निशाना
अवध ओझा ने अरविंद केजरीवाल को श्रीकृष्ण का अवतार बताया और उनकी योजनाओं की घोषणा पर कटाक्ष करने वाली विपक्षी पार्टियों को कंस। इसी बात को लेकर स्वाति मालीवाल ने ओझा और केजरीवाल पर निशाना साधा।
Delhi Elections 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति चरम पर है। हाल ही में भाजपा ने आप के खिलाफ हाल ही में आरोप पत्र जारी किया। वहीं अरविंद केजरीवाल अलग-अलग योजनाओं के नाम पर चुनावी रोटियां सेंकने में लगे हुए हैं। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए 'महिला सम्मान योजना', बुजुर्गों के लिए 'संजीवनी योजना', छात्रों के लिए अंबेडकर स्कॉलरशिप योजना शुरू करने की घोषणा की। वहीं अब उन्होंने घोषणा की है कि दिल्ली में नल से स्वच्छ जल दिया जाएगा। उनकी इन घोषणाओं पर भारतीय जनता पार्टी के नेता अक्सर उन पर निशाना साधते रहते हैं।
ये भी पढ़ें: संजय सिंह ने भाजपा पर लगाया आरोप: अवैध तरीके से हुई केजरीवाल की गिरफ्तारी, गृह मंत्रालय के लोगों ने किया स्वीकार
अवध ओझा ने केजरीवाल को बताया श्रीकृष्ण
वहीं विपक्षी पार्टी के निशाना साधने पर आप नेता अवध ओझा ने उन्हें कंस कहा और अरविंद केजरीवाल को भगवान श्रीकृष्ण बता दिया। अवध ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि अरविंद केजरीवाल भगवान हैं, मैं उन्हें पहले ही कृष्ण का अवतार कह चुका हूं। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति गरीबों का मसीहा बनकर समाज को बदलने की कोशिश करता है, तो समाज के कंस रूपी लोग उसके पीछे पड़ जाते हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वाले नहीं चाहते कि कोई व्यक्ति गरीब वर्ग के लिए काम करे। अवध ओझा ने कहा कि केजरीवाल द्वारा जनहित में किए जा रहे काम पूरे देश के लिए उदाहरण बन रहे हैं। लोगों को डर है कि केजरीवाल कहीं 2029 में प्रधानमंत्री न बन जाएं, इसलिए लोग उनके पीछे पड़े हुए हैं।
स्वाति मालीवाल ने ओझा और केजरीवाल पर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल जी खुद की तुलना सीधा भगवान श्री कृष्ण से करवा रहे हैं । राजा ने दरबार में एक से एक रखे हैं, जो ज़्यादा ज़ोर से जय-जयकार लगाएगा, वो बड़ा इनाम पाएगा।
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) December 24, 2024
बोल ये रहे हैं, शब्द असल में राजा के ही हैं! pic.twitter.com/yKv9pty7SD
वहीं अब इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी एक पोस्ट कर दिया है। स्वाति मालीवाल ने अवध ओझा के इंटरव्यू की वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि अरविंद केजरीवाल अपनी तुलना श्रीकृष्ण से करवा रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल को राजा कहते हुए निशाना साधा और लिखा कि राजा ने अपने दरबार में एक से एक रखे हुए हैं। जो ज्यादा जोर से नारे लगाएगा, वो उतना बड़ा इनाम पाएगा। अवध ओझा जो बोल रहे हैं, वो शब्द तो राजा के हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मेनिफेस्टो तैयार करने में लगी कांग्रेस, कर सकती है ये बड़े वादे