दिल्ली में 2 बांग्लादेशी अपराधी गिरफ्तार: 22 मामलों में भी कुख्यात आरोपी हैं युवक, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने 2 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर 22 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में औरंगाबाद की जेल से छूटकर आए थे। दिल्ली में बड़ी वारदात को अंजाम देकर भागने की फिराक में थे।
दिल्ली पुलिस ने दो बांग्लादेशी अपराधियों को गिरफ्तार किया।
Delhi Crime News: दिल्ली में बांग्लादेशियों को पकड़ने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इस मामले में पुलिस टीम सैकड़ों बांग्लादेशियों को डिपोर्ट करा चुकी है। हालांकि दिल्ली पुलिस को कल एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस टीम ने दो ऐसे बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ 22 मामले दर्ज हैं। इन लोगों के खिलाफ ये मामले अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस की इंटर स्टेट सेल ने मुख्य आरोपी मोहम्मद खलील उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया। ये दिल्ली के विवेक विहार थाने में दर्ज एक डकैती के मामले फरार चल रहा था। आरोपी पर 50 हजार का इनाम भी घोषित था। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने उसके साथी खालिद शेख को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि पुलिस को मुखबिरों के जरिए क्रिमिनल मोहम्मद खलील उर्फ गुड्डू के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने एक्शन में आते हुए एक टीम बनाई। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर वजीराबाद इलाके में छापा मारा। दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी मोहम्मद खलील उर्फ गुड्डू को पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके साथी खालिद शेख को दिल्ली के प्रीत विहार में रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्टल, 10 कारतूस, एक चाकू और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि ये दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ही आंध्र प्रदेश के आदिलाबाद जेल से रिहा होकर दिल्ली लौटे। अब वे नए सिरे से गिरोह बनाकर बड़ी डकैती करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए वे रेलवे स्टेशन इलाके के आसपास के इलाके में रेकी कर रहे थे। वारदात को अंजाम देकर ये लोग बांग्लादेश भागने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि कुख्यात बदमाश मोहम्मद खलील के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में लगभग 22 से ज्यादा गंभीर क्रिमिनल मामले दर्ज हैं। खलील के खिलाफ चोरी, डकैती, अवैध हथियार और हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। खालिद शेख के खिलाफ रेलवे सम्पति अधिनियम समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।