Yamuna River: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, बाढ़ की चेतावनी
हथिनी कुंड बैराज से अत्याधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने से दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ऐसे में बाढ़ की आशंका के चलते रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के पार
दिल्ली के पुराने लोहे के पुल पर यमुना का जलस्तर फिर से खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। इस सीजन में तीसरी बार यह स्थिति बनी है। यमुना के उफान को देखते हुए फिर से बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी गई है। साथ ही, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हथनी कुंड बैराज से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। यमुना में खतरे का निशान 205.33 मीटर है। खबरों की मानें तो अब यमुना के पानी ने खतरे के निशान को पार कर लिया है।
शुक्रवार को भी हथिनी कुंड से रोजाना हर घंटे 60 हजार से 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। वहीं, दिल्ली के वजीराबाद बैराज से भी पहले की तुलना में पानी छोड़ा जा रहा था।
यमुना का जलस्तर बढ़ने से यमुना बाजार समेत निचली स्थानों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन रोड पर, मयूर विहार और आसपास के इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यमुना के बहाव पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। रेस्क्यू टीमें पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। ऐसे 14 स्थान हैं, जहां पर नाव से बचाव दल को भी तैनात किया गया है।
कब तक चलेगा बारिश का सिलसिला
दिल्ली में भी लगातार बारिश का दौर जारी है। इसके चलते जहां मौसम सुहावना बना है, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 3 सितंबर के लिए आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 4 और 5 सितंबर को भी बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना बताई गई है।