Delhi Crime: दिल्ली के अस्पताल में एडमिट महिला मरीज से छेड़छाड़, इलाज के दौरान हुई मौत, हिरासत में आरोपी
Delhi Crime News: दिल्ली के सरकारी अस्पताल में एक महिला मरीज से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। घटना के बाद इलाज के दौरान पीड़ित महिला की मौत हो गई।
प्रतीकात्मक तस्वीर।
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली में बीते दिनों अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती महिला से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। यह घटना दिल्ली के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में हुई थी, जिसके बाद महिला को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला से छेड़छाड़ का मामला 23 जून को सामने आया था, जिसको लेकर न्यू उस्मानपुर थाने में केस दर्ज किया गया थाा। पुलिस ने पीड़िता कि शिकायत पर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मृतक महिला 21 जून को इलाज के लिए जेपीसी अस्पताल में भर्ती हुई थी। इलाज के दौरान 23 जून को उसके साथ छेड़छाड़ की गई, जिसके बाद न्यू उस्मानपुर थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं, महिला को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे उसकी मौत के पीछे की सही वजह पता चल सके। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी भी इलाज के लिए था भर्ती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि महिला और आरोपी दोनों एक ही अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे। इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ यौन दुर्व्यवहार किया। घटना का पता चलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया था। अब महिला की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है।
पुलिस महिला की मौत के सही कारणों को जानने की कोशिश कर रही है, जिससे आगे का कार्रवाई की जा सके। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और इसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं, दूसरी ओर इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे।