'राजनीति' या हकीकत: 'दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण होगा', सौरभ भारद्वाज का आरोप

आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सभी सरकारी अस्पतालों और क्लिनिकों में दवाओं की भारी कमी है। ऐसा इसलिए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण किया जा सके।

Updated On 2025-10-03 14:28:00 IST

आप दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण करने का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोगों को एक तरफ जहां इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, वहीं दवाओं के लिए भी जेब हल्की करनी पड़ रही है। उन्होंने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य मॉडल की सराहना करते हुए दिल्ली की भाजपा सरकार पर इस मॉडल को धराशायी करने का आरोप लगाया है।

मीडिया को संबोधित करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार को बने आठ महीने हो चुके हैं। इन 8 महीनों में दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में हालात इतने बुरे हो चुके हैं, जो पहले कभी नहीं बने। एक समय था जब सरकारी अस्पतालों में अरविंद केजरीवाल ने हर दवा और हर तरह के टेस्ट को फ्री किया था। अगर सीटी स्कैन या कोई अन्य टेस्ट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी तो बाहर से लैब में जाकर मुफ्त में टेस्ट करा सकते थे। यहां तक अगर सरकारी अस्पताल में मरीजों की भीड़ ज्यादा है और सर्जरी के लिए लंबा समय मिल रहा है, तो भी प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त में सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।

आप नेता ने आरोप लगाया कि अब दिल्ली की भाजपा सरकार के शासन में हर सरकारी अस्पताल में हाहाकार मचा है। न तो दवाएं मिल पा रही हैं और न ही उपकरण उपलब्ध हैं। यहां तक कि मरीजों को दवाएं भी बाहर जाकर केमिस्टों से खरीदनी पड़ रही है। राम मनोहर लोहिया जैसे अस्पतालों में भी ऐसे हालात बने हैं।

उन्होंने कहा कि इन सब को देखकर सवाल उठता है कि आखिरकार भाजपा ऐसा क्यों कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसा इसलिए कर रही है क्योंकि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को निजी हाथों में सौंपना चाहती है। प्राइवेट अस्पतालों और लैब को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी अस्पतालों और सरकारी लैब को बर्बाद करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि पहले दूसरे राज्यों के लोग भी इलाज के लिए दिल्ली आते थे, लेकिन अब दिल्ली के लोगों को भी इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने सरकारी अस्पतालों को दवाएं नहीं दी, जो दर्शाता है कि स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण किया जा सके। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पहले 80 करोड़ का बजट होता था, अब शून्य कर दिया। फरिश्ते स्कीम भी बंद हो गई। उन्होंने कहा कि पहले दवाओं की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर कर ली जाती थी, लेकिन अब स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसे निर्देश दिए कि यह भी मुमकिन नहीं दिख रहा।

सीएम रेखा गुप्ता पर बोला हमला

आप दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे बोल रहे हैं कि पहले 10 बजे तक दुर्गा पूजा की परमिशन थी, अब 12 बजे तक की है। बताना चाहता हूं कि यह निर्देश दिल्ली पुलिस के थे, जो कि केंद्र के अधीन है। हमने अपील की थी कि टाइमिंग बढ़ाई जाए, लेकिन दिल्ली पुलिस ने हमेशा केंद्र की सुनी। पहले टाइम कम किया, अब ज्यादा कर दिया। उन्होंने पूछा कि छठ पूजा भी आने वाली है। प्रवेश वर्मा जी से भी जानना चाहूंगा कि यमुना के जिस पानी को जहरीला बताते थे, अब दोबारा से झाग दिखने पर क्या बोलेंगे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Similar News