Tiranga Yatra Delhi: आप ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने का न्योता ठुकराया, सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल
दिल्ली में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। आम आदमी पार्टी को भी न्योता दिया गया, लेकिन दूरी बना ली। खास बात है कि सौरभ भारद्वाज ने तो इस यात्रा की टाइमिंग को लेकर ही सवाल खड़े कर दिए।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने तिरंगा यात्रा की टाइमिंग को लेकर उठाए सवाल।
देश की राजधानी दिल्ली आजादी के जश्न में डूबने लगी है। जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही हैं। लोग अपने घरों की छतों पर तिरंगा फहराने लगे हैं। यही नहीं, आसमान में भी तिरंगी पतंगें भी देखी जा सकती हैं। लेकिन, आजादी के इस जश्न के दौरान आम आदमी पार्टी भाजपा से खासी नाराज दिख रही है। शायद यही कारण है कि न्योता देने के बाद भी आम आदमी पार्टी ने इस तिरंगा यात्रा से दूरी बना रखी है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी तिरंगा यात्रा से दूरी को लेकर विपक्ष पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि हर समय संविधान की दुहाई देने वालों के हाथों में इस समय तिरंगा क्यों नहीं है। तिरंगा हमेशा से देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। आज हर भारतवासी के हाथों में तिरंगा सुशोभित हो रहा है। लेकिन जो संविधान बचाने की बात करते थे, अब उनके हाथों में तिरंगा नहीं दिखाई दे रहा है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि जब भी तिरंगा का विषय आता है, देश के सम्मान और स्वाभिमान का विषय आता है, पक्ष विपक्ष नहीं रहता, तिरंगा जितना हमको प्रिय है, उतना उन्हें भी आना चाहिए।
विपक्ष ने साधा निशाना
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि 52 साल तक किसने तिरंगा से प्यार नहीं किया। अब ये झूठा प्यार मत दिखाने की कोशिश करो। अगर तिरंगा से प्यार होता तो आपस में नफरत न फैलाते। और हमसे सवाल पूछ रहे हैं कि हम तिरंगा से प्यार करते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि हम तो तिरंगा के लिए जान भी दे देंगे।
सौरभ भारद्वाज ने टाइमिंग पर उठाया सवाल
आम आदमी पार्टी, दिल्ली के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने तिरंगा यात्रा की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से ऑफिस की टाइमिंग पर भाजपा के लोग तिरंगा यात्रा निकालते हैं। इससे जगह-जगह पर जाम लग रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में भीड़ दिखाने के लिए ड्यूटी के वक्त सफाई कर्मचारियों को बुला लिया जाता है।
उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ निकालो। सफाई कर्मचारियों को उनका काम करने दो। रोज तिरंगा यात्रा में जाएंगे तो सफाई कौन करेगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के लिए भी सही समय चुनना चाहिए ताकि ऑफिस टाइमिंग के वक्त घंटों जाम न लगे।