दिल्ली-नोएडा जाना नहीं होगा आसान: सरिता विहार फ्लाईओवर 8 अगस्त तक रहेगा बंद, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Sarita Vihar Flyover: दिल्ली में सरिता विहार फ्लाईओवर का मरम्मत काम शुरु हो गया है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों को अपनाने की सलाह दी है।

Updated On 2025-07-25 11:53:00 IST

दिल्ली में सरिता विहार फ्लाईओवर का मरम्मत काम शुरु। 

Sarita Vihar Flyover: दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (PWD) आज यानी शुक्रवार से सरिता विहार फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू करेगा। ऐसे में फ्लाईओवर 8 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। फ्लाईओवर के बंद हो जाने की वजह से दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद से आने वाले चालकों को ट्रैफिक का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा सड़कों पर भी यातायात का दबाव देखने को मिलेगा। ट्रैफिक पुलिस ने PWD के फैसले और चालकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

फ्लाईओवर पर 50 पुलिस तैनात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PWD के अधिकारियों के मुताबिक बदरपुर से आश्रम तक का कैरिजवे अब मरम्मत के लिए बंद रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य लंबे समय से पेंडिंग था, जिसे पिछले साल अक्टूबर में शुरु किया गया था। लेकिन बढ़ते प्रदूषण स्तर और दिल्ली-NCR में धूल को कम करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (Grap) लागू होने हो गया था, इसलिए काम को बीच में रोक दिया गया था। दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सभी तैयारियां कर ली गई हैं। ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए फ्लाईओवर पर कम से कम 50 पुलिस तैनात किए गए हैं।

2023 में लिया था फैसला

मथुरा रोड पर स्थित सरिता फ्लाईओवर दिल्ली को नोएडा, फरीदाबाद और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों से कनेक्ट करता है। फ्लाईओवर का 24 साल में पहला बड़ा मरम्मत कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि PWD ने साल 2023 में इसके मरम्मत काम को शुरु करने का फैसला किया था। लेकिन कईं कारणों की वजह से काम को रोक दिया गया था।

इन इलाकों में लगेगा जाम

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर से दक्षिणी दिल्ली और आगे फरीदाबाद जाने वाले लोगों को मथुरा रोड के पास जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। सीनियर अधिकारी के मुताबिक सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, ओखला और गोविंदपुरी इलाकों में कईं घंटों तक ट्रैफिक लग सकता है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि बदरपुर से आश्रम तक का रास्ता बंद रहेगा। ऐसे में पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वह बदरपुर बॉर्डर से मथुरा रोड होते हुए आश्रम की ओर जाने वाले दो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं।


वैकल्पिक रास्तों को अपनाने की सलाह

बदरपुर बॉर्डर से आने वाले यात्री पुल प्रह्लादपुर और लाल कुआं की ओर जाने के लिए MB रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद माँ आनंदमयी मार्ग, क्राउन प्लाजा, गोविंदपुरी की ओर दाएं मुड़ सकते हैं। मथुरा रोड और आश्रम जाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, यात्री सरिता विहार फ्लाईओवर से सटे स्लिप रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। ओखला के लिए बाएं मुड़कर क्राउन प्लाजा होते हुए गोविंदपुरी जा सकते हैं। इसके बाद मथुरा रोड जाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर की तरफ दाएं मुड़ सकते हैं।

ड्राइवरों को होगी परेशानी

PWD के अधिकारियों का कहना है कि बदरपुर से सरिता विहार फ्लाईओवर की ओर मथुरा रोड पर भारी और मालगाड़ी वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। पिछले एक सप्ताह से कांवड़ यात्रा के कारण लगाए गए प्रतिबंधों के कारण कालिंदी कुंज, मथुरा रोड और सरिता विहार के आसपास के इलाकों में ड्राइवरों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। फ्लाईओवर के मरम्मत काम के चलते समस्या और भी बढ़ सकती है।

Tags:    

Similar News