अब पानी पर 'आप' की लड़ाई: संगम विहार में प्रवेश वर्मा का विरोध? नारेबाजी कर दिखाए काले झंडे
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा आज देवली लोगों से संवाद करने पहुंचे थे। यहां आप विधायक प्रेम चौहान के नेतृत्व में पेयजल संकट को लेकर जमकर नारेबाजी की गई।
संगम विहार में मंत्री प्रवेश वर्मा को विरोध का सामना करना पड़ा।
आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि संगम विहार के लोगों को पानी की भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा जब यहां पहुंचे तो लोगों ने उनका विरोध किया। आप नेता ने पूछा कि सर्दी के इस सीजन में भी लोगों को पानी क्यों नहीं मिल पा रहा है? उधर, जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी लोगों को भरोसा दिया है कि जो भी समस्याएं हैं, वो पिछली सरकार की देन है। धीरे-धीरे इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की झूठी सरकार ने देवली विधानसभा के संगम विहार में पानी के टैंकर हटा दिए गए हैं। इस कारण लोग बेहद परेशान हैं। पानी की भारी किल्लत चल रही है। उन्होंने पूछा कि मौसम ठंडा है और यमुना में इतना पानी (आचमन योग्य) होने के बाद भी दिल्ली में पानी की इतनी किल्लत क्यों चल रही है। उन्होंने कहा कि हटाए गए टैंकर वापस दो या पाइप लाइन से पानी दो।
नारेबाजी कर दिखाए काले कपड़े
आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर किए। कैप्शन में लिखा, 'पानी मांगा तो ऐसी तानाशाही? भाजपा सरकार द्वारा टैंकर हटाए जाने से देवली विधानसभा में पानी की भारी किल्लत हो गई है। भाजपा सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा के क्षेत्र में आने पर जब आप विधायक प्रेम चौहान ने जनता की आवाज उठाई तो उन्हें जनता उठाकर ले गई। दूसरी पोस्ट में लिखा कि दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने संगम विहार से पानी के टैंकर हटा दिए हैं, जिस वजह से पानी की भारी किल्लत हो गई है। प्रवेश वर्मा के इलाके में आने पर संगम विहार की जनता ने किया बड़ा विरोध प्रदर्शन।
प्रवेश वर्मा बोले- सभी समस्याएं सुलझाई जाएंगी
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने देवली पहुंचने के बाद रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों और क्षेत्रवासियों के साथ सार्थक संवाद किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई पुरानी और मूलभूत समस्याएं हैं, जिन्हें पिछली सरकारों ने वर्षों तक अनदेखा किया, अब हमारी सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर सुलझाई जाएंगी ताकि देवली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके। कार्यक्रम में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक चंदन कुमार चौधरी, नगर निगम पार्षद एवं साउथ ज़ोन की डिप्टी चेयरमैन अनीता सतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।