Delhi Mobile Tower Collapsed: सफदरजंग एन्क्लेव में बारिश से गिरा मोबाइल टावर, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

Delhi Mobile Tower Collapsed: दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में भारी बारिश और तूफान की वजह से 100 फीट लंबा मोबाइल टावर गिर गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Updated On 2025-06-15 12:07:00 IST

दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में बारिश से गिरा मोबाइल टावर

Delhi Mobile Tower Collapsed: दिल्ली में रविवार तड़के आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। इसकी वजह से शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरे। वहीं, सफदरजंग एन्क्लेव के बी2 ब्लॉक में एक मोबाइल टावर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। अच्छी बात रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं लगी। घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे की है। उस दौरान सभी लोग अपने घरों में थे। इस टावर की लंबाई करीब 100 फीट बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन पर लापहवाही का आरोप लगाया।

जानकारी के मुताबिक, यह टावर बिना स्थानीय लोगों की अनुमति के बिना लगाया था। शुरुआत में बताया गया था कि स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है, लेकिन बाद में वहां पर मोबाइल टावर लगा दिया गया।

AAP के पूर्व विधायक ने उठाए सवाल
घटना सूचना पाकर मालवीय नगर विधानसभा से आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां के निवासियों ने इस टावर को लगने से रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने कहा कि अगर टावर निवासियों के घरों की तरफ या सुबह के समय गिरता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता थआ। उनका कहना है कि निवासियों द्वारा पुलिस, विधायक, सांसद और एमसीडी से बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

जानकारी के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक टावर को हटाने का काम शुरू नहीं किया गया, जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर उनकी अनुमति के बिना लगाया गया है, जबकि पहले उन्हें बताया गया था कि स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। इस टावर के गिरने की वजह से कई पेड़ और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बता दें कि भीषण गर्मी के बीच रविवार सुबह दिल्ली में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह रहने वाला है।

Tags:    

Similar News