Delhi Weather: दिल्ली में तेज बारिश का अलर्ट जारी, यमुना का बहाव खतरे के पार

दिल्ली एनसीआर में पिछले दो दिनों से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। जानिये आगे दो दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल...

Updated On 2025-08-26 17:35:00 IST

दिल्ली के लिए फिर से तेज बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली एनसीआर में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। इस कारण जहां लोगों को उमस की समस्या से निजात मिली है, वहीं जलभराव की वजह से दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। खास बात है कि मौसम विभाग ने फिर से दिल्ली में तेज बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। उधर, दिल्ली में यमुना से सटे इलाकों में रहने वाले लोग भी चिंता में हैं। आज यमुना के पानी का बहाव खतरे के निशान को पार कर गया है। ऐसे में संबंधित एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। 

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के पश्चिमी हिस्सों और हरियाणा के सीमावर्ती जिलों में मॉनसून की स्थिति बनी है। अगले कुछ घंटों में फिर से झमाझम बारिश होने के आसार हैं। विशेषकर, साउथ दिल्ली और साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में भारी बारिश हो सकती है। वहीं नॉर्थ वेस्ट के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।

तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में मुसलाधार बारिश के चलते तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट देखी गई है। 27 अगस्त से 28 अगस्त तक बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यमुना भी डरा रही

एक तरफ जहां दिल्ली एनसीआर में बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी तरफ यमुना का जलस्तर भी दिल्लीवासियों को भयभीत कर रहा है। आज मंगलवार को दिल्ली में लोहे के पुराने पुल पर यमुना का जलस्तर चेतावनी के निशान 204.58 मीटर को पार गया गया है। ऐसे में संबंधित विभागों ने यमुना पर निगरानी बना रखी है।

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में जलस्तर का बढ़ना तय है, लेकिन यह भी संभावना है कि शाम तक शायद जलस्तर खतरे के निशान से नीचे चला जाए। बहरहाल, सभी एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं और किसी भी हालात पर नियंत्रण करने में पूरी तरह से सक्षम हैं। 

Similar News