Punjab Flood News: 'आप' का ये नेता निकला 'दरियादिल', बाढ़ प्रभावितों को देंगे करोड़ों की मदद

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने विधायकों और सांसदों से पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने की अपील की है। अब एक नेता ने ऐसा ऐलान कर दिया, जो उनकी दरियादिली दर्शाती है।

Updated On 2025-09-03 15:00:00 IST

अरविंद केजरीवाल की बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील लाई रंग।  

पंजाब इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य में अभी तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं संपत्ति, मवेशियों और कृषि भूमि को भी खासा नुकसान पहुंचा है। आम आदमी पार्टी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आई है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सभी विधायकों, सांसदों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बाढ़ प्रभावितों के लिए मदद करने की अपील की है। इस अपील के बीच आप के एक नेता ने बड़ी दरियादिली दिखाई है।

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बाढ़ पीड़ितों की मदद का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि वे अपनी सांसद निधि से 3.5 करोड़ रुपये बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए देंगे। इसके अलावा बांधों को मजबूत करने के लिए 2.75 करोड़ रुपये और प्रभावित परिवारों के लिए 50 लाख रुपये राहत कार्यों में लगाए जाएंगे।

चड्ढा बोले- यह मेरा नहीं पंजाब का पैसा

राघव चड्ढा ने कहा कि यह पैसा मेरा नहीं बल्कि पंजाब का है। उन्होंने पंजाब की बाढ़ के मुद्दे को संसद में मजबूती से उठाने की बात कही। कहा कि केंद्र सरकार से भी पंजाब के लिए अधिकतम सहयोग की अपील की जाएगी। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। अपने संदेश के अंत में लिखा- वाहेगुरु जी मेहर करें।

दिल्ली इकाई भी मदद को आगे बढ़ी

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई भी पंजाब के लोगों की मदद के लिए आगे बढ़ी है। आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज बाढ़ राहत सामग्री से भरे ट्रक लेकर दिल्ली से पंजाब के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बाढ़ दशकों की सबसे बड़ी बाढ़ है। अरविंद केजरीवाल जी ने निर्देश दिया कि सभी वर्ग के लोग बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि उनके निर्देशों के अनुरूप ही आज से पंजाब के लिए राहत सामग्री भेजने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।

जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त

पंजाब में 23 जिले बाढ़ की वजह से प्रभावित हैं। लोगों को न तो खाने पीने का सामान मिल रहा और न ही उपचार की व्यवस्था। बहरहाल, राज्य सरकार भी लोगों को राहत देने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि बाढ़ से बने हालात चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन अपनी एकता और इच्छाशक्ति के चलते इस चुनौती को पार कर लेंगे। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए haribhoomi.com पर जुड़े रहिये। 

Similar News