Yamuna Cleaning: फिनलैंड की मशीन से होगी यमुना की सफाई, प्रवेश वर्मा ने वीडियो बनाकर गिनाई खूबियां

Yamuna Cleaning: दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए फिनलैंड से मशीन मंगाई जा रही है। मंत्री प्रवेश वर्मा खुद मशीन खरीदने के लिए फिनलैंड पहुंचे हैं। उन्होंने इसकी खूबियां भी बताई हैं।

Updated On 2025-10-23 13:00:00 IST

यमुना की सफाई के लिए मशीन खरीदने फिनलैंड पहुंचे मंत्री प्रवेश वर्मा।

Yamuna Cleaning: दिल्ली सरकार यमुना की सफाई के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में अब यमुना नदी की सफाई के लिए विदेश से अत्याधुनिक ड्रेजिंग मशीन खरीदने की तैयारी चल रही है। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा यूरोप के फिनलैंड में हैं। वहां से प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने बताया कि वे दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के इंजीनियरों के साथ वहां पहुंचे हैं।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने फिनलैंड में एक मशीन पसंद की है, जो यमुना नदी की तली में जमी सालों पुरानी गाद को अच्छे साफ कर देगी। यह मशीन यमुना में 6 मीटर गहराई तक ड्रेजिंग कर सकती है। प्रवेश वर्मा ने बताया कि अगर यह मशीन अच्छा काम करती है, तो इस तरह की अन्य मशीनें भी ऑर्डर की जाएंगी।

दिसंबर तक आएगी ये मशीन

मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने वीडियो में बताया कि यह मशीन दिसंबर महीने तक दिल्ली में आ जाएगी। उन्होंने कहा कि फिनलैंड ने पानी से जुड़ी समस्याओं में काफी तरक्की की है। भारत में बनाई गई मशीनों के साथ ही अब विश्व की सारी मॉडर्न टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल यमुना को साफ करने के लिए किया जाएगा। मंत्री ने दावा किया कि अगले कुछ सालों में ही उनकी सरकार यमुना नदी को साफ करके दिखाएगी।

क्या हैं इस मशीन की खूबियां?

प्रवेश वर्मा ने अपने वीडियो पोस्ट में फिनलैंड की इस खास मशीन की खूबियां भी बताईं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ने यमुना नदी में ड्रेजिंग नहीं कराई, लेकिन इस मशीन से यमुना को साफ करने में बड़ी राहत मिलेगी। मंत्री ने बताया कि ये ड्रेजिंग मशीन मल्टीफंक्शनल है, जो गाद (सिल्ट) को साफ करने के साथ ही उसे कट भी करती है।

यह मशीन नदी में पानी के नीचे जाकर सिल्ट को पूरा खींच लेती है और पाइप के जरिए सरफेस तक भेजती है। अगर सिल्ट ज्यादा सख्त है, तो मशीन उसे कट करके टुकड़ों में बदलकर ऊपर भेज देती है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि एक घंटे में 500 मीटर स्ट्रेच की सफाई के लिए केवल एक मशीन और एक ड्राइवर ही काफी होगा। इससे सफाई में मैनपावर की जरूरत भी कम पड़ेगी।

कितने मशीनों की होगी खरीद?

मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि यह ड्रेजिंग मशीन दिल्ली में दिसंबर महीने तक आ जाएगी। अगर यह अच्छे से यमुना की सफाई में काम आती है, तो इस तरह की दूसरी मशीनें भी मंगाई जाएंगी। इस मशीन को दिल्ली आने के बाद तुरंत यमुना और नजफगढ़ ड्रेन की सफाई में लगाया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News